हम रहें या न रहें, यह देश रहना चाहिए : नन्दी

– विभाजन विभीषिका दिवस पर मौन श्रद्धांजलि, अभिलेख प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

– अतिथियों ने विभाजन विभीषिका पर अभिलेख प्रदर्शनी का किया अवलोकन

प्रयागराज। उप्र के औद्योगिक मंत्री नंद गाेपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि आजादी की खुशी है, किन्तु विभाजन का दर्द भी इतना है कि उसे भुलाया नहीं जा सकता। आंखों में एक तरफ खुशी तो दूसरी तरफ खून के आंसू थे। उन्होंने कहा कि हम रहें, न रहे यह देश रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनी को देखकर रोंगटे खड़े हो जा रहें हैं। विभाजन विभीषिका का दृश्य देखकर अत्यन्त कष्ट हुआ। प्रधानमंत्री ने हम सभी को विभाजन विभीषिका स्मृति का सदैव स्मरण रखने के लिए कहा है।

विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर बुधवार को मौन श्रद्धांजलि, अभिलेख प्रदर्शनी तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन क्षेत्रीय अभिलेखागार (संस्कृति विभाग) एवं जिला प्रशासन द्वारा आर्य कन्या इण्टर कालेज, मुट्ठीगंज में किया गया। जहां बतौर मुख्य अतिथि मंत्री उप्र सरकार नन्दगोपाल गुप्ता नंदी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा।

इस अवसर पर सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी तथा अन्य अतिथियों ने विभाजन विभीषिका के विस्थापित परिवारों और त्रासदी के दौरान प्राणोत्सर्ग करने वालों की याद में आयोजित मौन शांति पाठ कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि हमें इस त्रासदी का स्मरण करके भविष्य में ऐसे खतरों के प्रति आगाह व सचेत रहना होगा। हमें अपने अतीत का स्मरण करते हुए भारत के भविष्य के विषय में भी सोचना होगा। कार्यक्रम में पीड़ित सिंधी समाज के विजय पुर्सवानी के द्वारा जब अपने पुरखों की व्यथा सुनाई गई, तब वहां उपस्थित लोगो की आंखे नम हो गई। उन्होने कहा कि हम शरणार्थी नहीं है हम भारतीय थे, हैं और रहेंगे। कार्यक्रम में पंजाबी समाज से दलजीत सिंह तथा अन्य लोग भी सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अभिलेखागार (संस्कृति विभाग) द्वारा आयोजित विभाजन विभीषिका पर आधारित अभिलेख प्रदर्शनी का अवलोकन अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आर्य कन्या इण्टर कालेज की छात्राओं ने प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में अभिलेख प्रदर्शनी का संयोजन राकेश कुमार वर्मा प्राविधिक सहायक क्षेत्रीय अभिलेखागार ने किया। सभी अतिथियों को गुलाम सरवर पाण्डुलिपि अधिकारी प्रभारी क्षेत्रीय अभिलेखागार ने स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, निर्मला पासवान, डॉ नरेन्द्र कुमार सिंह गौर, नीरज त्रिपाठी, अमरनाथ मौर्य काशी प्रांत, राजेन्द्र मिश्र महानगर अध्यक्ष भाजपा, विनोद प्रजापति अध्यक्ष जमुनापार, कविता पटेल अध्यक्ष गंगापार, अश्विनी पटेल,, गौरव कुमार मुख्य विकास अधिकारी, भोलानाथ कनौजिला जिला विकास अधिकारी, अशोक कुमार मौर्य परियोजना निदेशक, अनिल गुप्ता चीफ वार्डेन, नीरज मिश्रा नियंत्रक सिविल डिफेंस तथा विद्यालय के प्रवक्ता, छात्राओं सहित विभाजन विभीषिका से पीड़ित गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button