कोलकाता रेप-मर्डर के विरोध में सड़क पर उतरे डाक्टर व छात्र, प्रदर्शन कर जताया आक्राेश

मीरजापुर। कोलकाता बलात्कार-मर्डर केस के विरोध में शनिवार को मां विंध्यवासिनी स्वशासी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर व स्कूली छात्र एक साथ शनिवार काे सड़क पर उतरे। प्रदर्शन कर बलात्कारी हत्यारे को फांसी देने की मांग की। कहा कि न्याय के लिए आरोपित को फांसी देना अनिवार्य है। महिलाओं के खिलाफ अन्याय रूकना चाहिए।

शनिवार को सुबह से ही मंडलीय चिकित्सालय में केवल आकस्मिक आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाएं बंद है। कोलकाता के मेडिकल काॅलेज में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और उसके बाद जघन्य हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया और मुख्यालय तक मार्च निकालकर विरोध जताया। इसके पहले शुक्रवार की शाम को मेडिकल कालेज के डॉक्टरों ने कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

डॉक्टर व छात्र-छात्राओं ने पर्ची काउंटर को बंद कराया और प्रदर्शन किए। इससे मरीजों के इलाज में परेशानी खड़ी हो गई। पर्ची काउंटर के पास डॉक्टर, छात्र छात्राओं का लगातार प्रदर्शन चलता रहा। स्टॉप रेप, वि वांट जस्टिस जैसे नारे ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डा. विश्वजीत दास ने कहा कि अस्पताल में इमरजेंसी सेवा चालू है। पुरानी पर्ची लेकर जो मरीज आ रहे हैं, उन्हें इलाज मिल रहा है। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं से बातचीत का दौर जारी है।

Related Articles

Back to top button