जान‍िए आज 01 अक्टूबर का इत‍िहास, ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण घटनाओं पर एक नज़र डालिए

जलियांवाला बाग हत्याकांड में अंग्रेज अफसरों की बर्बरता के खिलाफ पूरे देश में जबर्दस्त गुस्से को भांपते हुए ब्रिटिश सरकार ने घटना की जांच के लिए 1 अक्टूबर 1919 को हन्टर समिति की स्थापना की। इस आठ सदस्यीय समिति में पांच अंग्रेज़, लॉर्ड हन्टर, जस्टिस सर जॉर्ज रैंकिग, डब्ल्यू एफ़. राइस, मेजर जनरल सर जॉर्ज बैरो एवं सर टॉम्स स्मिथ, तीन भारतीय सदस्य सर चिमन सीतलवाड़, साहबजादा सुल्तान अहमद एवं जगत नारायण थे। लेकिन यह जांच भारतीयों के साथ मजाक बन कर रह गई। 46 दिनों तक चली गवाही के बाद हन्टर कमेटी’ ने मार्च, 1920 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इससे पहले ही ब्रिटिश सरकार ने इंडेम्निटी बिल पास कर दोषियों को बचाने का पुख्ता इंतजाम कर लिया था।

कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में अंग्रेजों की पूरी बर्बरता की लीपापोती करते हुए पंजाब के गवर्नर को निर्दोष घोषित किया। समिति ने जनरल डायर को लेकर कहा कि उसने जरूरत से अधिक बल प्रयोग तो किया, पर जो कुछ किया, पूरी निष्ठा से किया। डायर को इस अपराध के लिए नौकरी से हटाने का दण्ड दिया गया। समिति ने यह भी निष्कर्ष निकाला कि डायर द्वारा भीड़ पर गोली चलाना उचित था, सिवाय इसके कि उसे पहले चेतावनी देनी चाहिए थी और गोलीबारी की अवधि कम करनी चाहिए थी। (उसने दस मिनट तक गोलीबारी का आदेश दिया था)। बेशर्मी की हद कि ब्रिटिश अखबारों ने डायर को ‘ब्रिटिश साम्राज्य का रक्षक’ एवं ब्रिटिश लॉर्ड सभा ने उसे ‘ब्रिटिश साम्राज्य का शेर’ कहा।

उल्लेखनीय है कि जलियांवाला बाग में 13 अप्रैल, 1919 को रौलेट एक्ट के विरोध में सभा करने के लिये जमा हुई निहत्थी भीड़ पर जनरल डायर ने गोलियां बरसाने का आदेश दिया। पलक झपकते महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित कम से कम एक हजार लोगों की हत्या कर दी गई। इस भीषण गोलीबारी में 1500 अन्य घायल हो गए। ब्रिटिश राज के अभिलेख इस घटना में 379 लोगों के शहीद होने और 200 लोगों के घायल होने की बात स्वीकारते हैं, जो वास्तविक आंकड़े से कहीं कम हैं।

अन्य अहम घटनाएंः

1854- भारत में डाक टिकट का प्रचलन आरंभ हुआ। टिकट पर महारानी विक्टोरिया का सिर और भारत बना होता था। इसकी कीमत आधा आना थी।

1919- हन्टर समिति की स्थापना ब्रिटिश सरकार द्वारा की गई थी।

1949- चीन में कम्युनिस्ट पार्टी के शासन की शुरुआत हुई।

1949- जनरल माओ-त्से-तुंग ने चीन जनवादी गणराज्य (पीपुल्स रिपब्लिक आफ़ चाइना) की घोषणा की।

1953- आंध्र प्रदेश अलग राज्य बना।

1960- नाइज़ीरिया यूनाइटेड किंगडम से स्वतंत्र हुआ।

1967- भारतीय पर्यटन विकास निगम की स्थापना हुई।

1978- लड़कियों की शादी की उम्र 14 से बढ़ा कर 18 और लड़कों की 18 से बढ़ा कर 21 वर्ष की गयी।

1996- अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने पश्चिम एशिया शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया।

1998- श्रीलंका में किलिनोच्ची एवं मानकुलम शहरों पर कब्ज़े के लिए सेना एवं लिट्टे उग्रवादियों के बीच संघर्ष में 1300 लोगों की मौत।

2000- सिडनी में 27वां ओलम्पिक खेल सम्पन्न।

2002- एशियाड खेलों में स्नूकर प्रतिस्पर्द्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक मिला।

2003- नदियों को जोड़ने के सम्बन्ध में बांग्लादेश की आशंकाओं को भारत ने दूर किया।

2004- इज़रायली प्रधानमंत्री एरियल शैरोन के मंत्रिमंडल ने गाजा पट्टी में बड़े पैमाने पर सैनिक कार्रवाई की योजना को मंजूरी दी।

2005- इंडोनेशिया के बाली में हुए बम विस्फोट में 40 लोगों की मृत्यु।

2006- इज़राइल ने लेबनान से अपनी सेना की आख़िरी टुकड़ी को भी वापस बुलाया।

2007- जापान ने उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ प्रतिबन्धों को अगले छह महीने तक बढ़ाने की घोषणा की।

2008- आतंकवादियों ने त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में बम विस्फोट किया।

जन्म

2001- मनीष नरवाल- भारत के पैरा निशानेबाज हैं।

1995- गुरदीप सिंह – भारतीय भारोत्तोलक (वेटलिफ़्टर) हैं।

1964- तापिर गाओ- अरुणाचल प्रदेश से भाजपा नेता हैं।

1952- शारदा सिन्हा- बिहार की लोकप्रिय गायिका हैं।

1951- जी.एम.सी.बालायोगी- प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष।

1938- माइकल फ़रेरा- भारत के महान बिलियर्ड्स खिलाड़ी।

1930- जे.एच.पटेल- जनता दल के राजनीतिज्ञ जो कर्नाटक के 15वें मुख्यमंत्री रहे।

1927- शिवाजी गणेशन – प्रसिद्ध तमिल अभिनेता।

1924- जिमी कार्टर- अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति।

1919- मजरूह सुल्तानपुरी- हिन्दी फ़िल्मों के प्रसिद्ध गीतकार।

1901- प्रताप सिंह कैरों- स्वतंत्रता सेनानी एवं पंजाब के भूतपूर्व मुख्यमंत्री।

1904- ए.के. गोपालन- केरल के प्रसिद्ध कम्युनिस्ट नेता और भारत के स्वतंत्रता सेनानी।

1842- एस.सुब्रह्मण्यम अय्यर- स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद्‌ और सामाजिक कार्यकर्ता।

1847- एनी बेसेंट- प्रख्यात समाजसेवी, लेखिका और स्वतंत्रता सेनानी।

निधन

2001- सुरेन्द्रनाथ द्विवेदी- उड़ीसा के जान-माने राजनीतिज्ञ।

1979- चन्दन सिंह गढ़वाली- भारत के क्रांतिकारी।

महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस

अन्तरराष्ट्रीय कॉफ़ी दिवस

Related Articles

Back to top button