छोटेलाल चौधरी के असामयिक निधन से शोक में डूबा एमजी स्पोटर्स क्लब
बाराबंकी। फुटबाल और हॉकी के बेहतरीन खिलाड़ी, खेल और साहित्यिक विधा के मर्मज्ञ वयोवृद्ध समाजसेवी छोटेलाल चौधरी के निधन पर महात्मा गांधी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा गांधी भवन में शोकसभा का आयोजन किया गया। इससे पहले महात्मा गांधी स्पोर्टस क्लब से जुड़े सदस्य दिवंगत छोटेलाल चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि देने उनके सुगर मिल स्थित आवास पर अंतिम विदाई में शामिल हुए। स्व. चौधरी ने 88 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। छोटेलाल चौधरी बाराबंकी में कॉमरेड क्लब से हॉकी और फुटबाल खेला करते थे। यूपी पुलिस के लिए भी उन्होनंे अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शित किया और कई पदक राज्य सरकार को दिलाए। वह जनपद स्तरीय बेहतरीन एथलीट भी थे।
स्व. चौधरी बताते थे कि कराची में पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी के मकान के करीब रहते थे। उस समय से उनका श्री आडवाणी से परिचय था। फिर विभाजन के बाद वह भारत आए और बाराबंकी के निवासी हुए। शुक्रवार को छोटेलाल चौधरी के निधन के बाद खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को गांधी भवन में आयोजित शोकसभा में अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए क्लब के संस्थापक एवं गांधीवादी अध्येता राजनाथ शर्मा ने कहा कि साठ के दशक में जनपद के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार रहे छोटे लाल चौधरी फुटबाल और हॉकी के बेहतरीन खिलाड़ी थे। उन्होंने पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं प्रदान की। सेवानिवृत के बाद वह जिले में खेल और खेल से जुड़ी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में मदद करते थे। स्व. छोटेलाल चौधरी का मानना था आने वाले समय में कई खेल स्पर्धा राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बाराबंकी का नाम रोशन करेंगी। उन्हीं के प्रयास से गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट ने महात्मा गांधी स्पोटर्स क्लब का गठन किया। छोटेलाल चौधरी के निधन पर क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी हाजी सलाहउद्दीन किदवई ने भी दुख जाहिर किया और कहा कि उनका जाना खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि वे महान खिलाड़ी थे। उनके जाने से बाराबंकी ही नहीं अपितु प्रदेश को अपूरणीय क्षति हुई है। आज का दिन मेरे लिए दुखद दिन है। मुझे उनका सानिध्य मिला। वे बहुत ही सह्रदय व्यक्तित्व के धनी थे। वह प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त के बाद भी खेल को कभी अलविदा नहीं कह पाए। ऐसा महान खिलाड़ी हमको छोड़कर ऐसे चला जाएगा, कभी सोचा नहीं था।
इस मौके पर उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शान्ति के प्रार्थना की। शोकसभा में विनय कुमार सिंह, धनंजय शर्मा, हुमायूं नईम खान, साकेत संत मौर्य, मृत्युंजय शर्मा, अशोक शुक्ला, पाटेश्वरी प्रसाद, समाजसेवी सतीश जायवाल, सभासद मनीष गौतम, विजय पाल गौतम, सीनियर हॉकी खिलाड़ी विजय अवस्थी, निसार अहमद, अयाज़ अंसारी, राम आशीष वर्मा, डा विक्रम कुमार, विनोद सैनी, मो अहमद सईद किदवई, अखलाद अयाज़ अंसारी, मो अरसलान, महेंद्र रावत, मो समद, महफूज अयाज़ अंसारी, राजेश यादव, अशोक जायसवाल, नीरज दूबे, रणंजय शर्मा, मो एतिशाम, मो शहजान, तौसीफ अहमद, सचिन कुमार, अफ्फान अंसारी, रहमत अली, मो ताहा आदि लोग उपस्थित रहे।