जीवन भर अन्याय करने वाली पार्टी वाले आज निकाल रहे न्याय यात्रा: CM मोहन यादव

भोपाल। इन दिनों मध्यप्रदेश से गुजर रही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि जीवन भर जिस पार्टी ने अन्याय किया, आज वे लोग न्याय यात्रा निकाल रहे हैं।

डॉ यादव ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस ने बहुत लंबे समय शासन किया है, लेकिन चुनाव के समय में कोई अपने दल का विचार ना करते हुए, इस तरह समय ज़ाया कर रहा है, तो ये उनका विषय है। आज उज्जैन में श्री महाकाल के दर्शन करने जा रहे गांधी के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन देव दर्शन की नगरी है। गांधी भगवान के अच्छे से दर्शन कर लें, ऐसी उन्हें शुभकामना है।

मध्य प्रदेश की धरती पर भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे, लेकिन वे पश्चाताप भी करें कि भगवान राम का न्योता उनकी पार्टी ने क्यों ठुकराया? वे जनता से माफी मांगें, गांधी स्पष्टीकरण दें। उन्होंने कहा कि शांति और सद्भाव के टापू पर वे अपनी यात्रा जिस भाव से कर रहे हैं, वो कभी फलीभूत नहीं होगी क्योंकि जीवन भर जिस पार्टी ने अन्याय किया वो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। अपने अपराधों पर कांग्रेस आज सार्वजनिक रूप से माफी क्यों नहीं मांगती?

Related Articles

Back to top button