जनता पीडीए परिवार के साथ भाजपा सरकार को पलटने जा रही : अखिलेश यादव

आगरा। मैं देख रहा हूं पहले-दूसरे चरण के बाद तीसरे चरण में ये जो हमारा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार है, ये सब मिलकर के परिवर्तन के साथ साथ भारतीय जनता पार्टी सरकार को पलटने जा रहे हैं। हमारे किसानों की ना आय दोगुनी हो पाई है और जिस तरीके से महंगाई बढ़ी है उससे तो ये लगता है कि हमारा किसान इनकी सरकार में बर्बाद हो जाएगा, दु:खी हो जाएगा। यह बातें रविवार को आगरा के जलेसर में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही।

अखिलेश ने मंच से भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारा किसान कर्ज में डूबता जा रहा है। ये हमारे किसानों का कर्ज माफ नहीं कर रहे हैं, बड़े बड़े उद्योगपति जिनका बड़ा कर्ज था उनका 16 लाख करोड़ रुपए कर्ज माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि अब 140 करोड़ लोगों के मन की बात होगी, मनमर्जी नहीं चलेगी। भाजपा की झूठी सरकार को जनता के सच्चे सवालों को सामना करना पड़ेगा।

सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन्होंने महंगाई बढ़ा दी है। डीजल-पेट्रोल, रिफाइंड, खाने का तेल, दाल यहां तक नमक के दाम तक बढ़ गए हैं। ईडी और सीबीआई की कार्रवाई को लेकर भी अखिलेश ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि ये हमारी आपकी जान के पीछे भी पड़ गए हैं।

अखिलेश यादव ने आगरा लोकसभा के जलेसर में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुरेश चंद कर्दम के समर्थन में अयोजित जनसभा में जनता से प्रत्याशी और सपा को वोट करने की अपील की।

जनता भाजपा को बदलने जा रही

जनसभा के बाद सपा अध्यक्ष एंव पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पत्रकारों रूबरू हुए। उन्होंने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आज तक बीजेपी ने अपनी मन मर्जी की है, 140 करोड़ लोगों की बात नहीं सुनी। जो लोग गरीब, मजलूम, नौजवनों की आवाज नहीं सुनना चाहते हैं इस बार जनता उन्हें बदल देगी। हम कह रहे हैं मंडी बने, मंडियों में निश्चित हो कि एमएसपी मिले। अब सोचिए गेंहूं की खरीद नहीं हो रही है और बड़ी-बड़ी कंपनियां अब आटा बनाने लगे हैं और मुनाफा कमा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button