मंडी में धान की आवक शुरू, तीसरे दिन 1509 किस्म का धान 36 सौ रुपये क्विंटल बिका

कैथल । कैथल की नई अनाज मंडी में धान की आवक तेज हो गई है। मंगलवार को तीसरे दिन 1509 किस्म का धान 3600 से 3700 रुपये प्रति क्विंटल बिका। यही धान पिछले साल सीजन में 3050 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल बिका था। 1509 व 1692, दोनों ही किस्म नॉन पीआर है। इस कारण इसकी सरकारी खरीद नहीं होती है। ऐसे में इसकी केवल निजी खरीद ही होती है।

धान के दाम बढ़ने से किसान खुश नजर आ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि 15 सितंबर से मंडी में हर किस्म का धन भी आने लगेगा। अब तक मंडी में 1500 क्विंटल से अधिक धन पहुंच चुका है, जिसे निजी सेलर मालिक ही खरीद कर रहे हैं। सरकार ने इस बार 1 अक्टूबर से धान खरीदने की घोषणा की है। किसान 25 सितंबर से ही सरकारी खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

मार्केट कमेटी सचिव बसाऊ राम ने बताया कि पिछले साल कैथल की मंडियों में 33 लाख क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई थी। इस बार 35 लाख क्विंटल धान की आवक होने की उम्मीद है। शहर के बीचों-बीच स्थित पुरानी अनाज मंडी, नई अनाज मंडी और जींद रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी धान की खरीद के लिए पूरी तरह से तैयार है। फिलहाल मंडियों में धान की प्राइवेट खरीद चल रही है। सरकार के आदेशों के बाद ही पीआर धान की सरकारी खरीद की जाएगी।

Related Articles

Back to top button