फूलपुर उपचुनाव में इंडी गठबंधन से मैदान में उतरेगा सपा का उम्मीदवार

प्रयागराज। फूलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तिथि की भले ही घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस पर कांग्रेस के नेताओं द्वारा दावेदारी जताने पर सियासत गरमा गई। हालांकि, 24 घंटे के भीतर ही सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने यह साफ कर दिया कि इंडी गठबंधन में कांग्रेस शामिल है, लेकिन फूलपुर उपचुनाव में सपा का ही उम्मीदवार मैदान में उतरेगा।

फूलपुर विधानसीट सीट के लिए 2022 में हुए चुनाव में भाजपा के प्रवीण पटेल ने सपा के मुज्तबा सिद्दीकी को कांटे की टक्कर में 2732 मतों से पराजित किया था। लेकिन वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में फूलपुर संसदीय सीट से भाजपा ने प्रवीण पटेल को उम्मीदवार घोषित कर दिया। प्रवीण पटेल चुनाव जीत गए। ऐसे में फूलपुर विधानसभा सीट खाली हो गई। अब यहां उपचुनाव होना है। इंडी गठबंधन से सपा का उम्मीदवार मैदान में उतरेगा या कांग्रेस का, अभी इसकी घोषणा नहीं हुई है।

कांग्रेस ने किया था अपना दावा
सपा नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता इस बात को लेकर आश्वस्त थे कि इस सीट पर पार्टी उम्मीदवार ही मैदान में उतरेगा, लेकिन शनिवार को यहां आए कांग्रेस के प्रदेश संगठन मंत्री अनिल यादव ने यह कहकर खलबली मचा दी कि गठबंधन की तरफ से कांग्रेस इस सीट पर दावा करेगी।

वजह भी बताई कि यह कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है। ऐसे में शीर्ष नेतृत्व के सामने मजबूती से पक्ष रखा जाएगा। हालांकि, रविवार को यहां आए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने यह साफ कर दिया कि फूलपुर उपचुनाव में सपा का ही उम्मीदवार ही चुनाव लड़ेगा। इसमें कोई संशय वाली बात नहीं है।

बीते लोकसभा चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से अधिक वोट सपा को मिले थे। वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार मुज्तबा सिद्दीकी कुछ मतों से पराजित हुए थे। ऐसे में इंडी गठबंधन के तहत यह सीट सपा के पास ही है।

Related Articles

Back to top button