बलिदानी सैनिक के गांव में शाेक की लहर, शाम तक पहुंचेगी पार्थिव देह

हमीरपुर। वीर भूमि हमीरपुर के नादौन विधानसभा के गांव हथाेल का एक सपूत 27 वर्षीय जवान अरविंद देश की सेवा करते हुए किश्तवाड़-डोडा में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए बलिदान हो गया। अरविंद के बलिदान की खबर जैसे ही घर पहुंची पूरे परिवार में मातम छा गया। बलिदानी की मां सरोज कुमारी बेसुध होकर गिर पड़ीं और पत्नी दीक्षा देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। डेढ़ महीने का बेटा जिसने अभी तक अपने पिता का चेहरा ठीक से देखा भी नहीं अब अनाथ हो गया। आसपास के लोग व परिजन परिवार को सांत्वना देने के लिए जुट गए हैं।

अरविंद के छोटे भाई जो स्वयं भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं, को जैसे ही भाई के बलिदान हाेने की सूचना मिली वह तुरंत घर लौट आया। अब वह भी नम आंखों से भाई के पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहा है। शहीद जवान के पिता रजिंद्र सिंह से बातचीत में पता चला कि सेना के अधिकारियों ने आज तक पार्थिव देह पहुंचने की जानकारी दी है।

अरविंद के दादा भी भारतीय सेना में थे और आज परिवार के इस वीर सपूत ने अपने दादा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। पूरा गांव और परिवार शोक में डूबा हुआ है, लेकिन गर्व है कि उनका बेटा देश के लिए बलिदान हुआ है।

वही प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शहीद अरविंद की शहादत पर उनको विनम्र श्रद्धांजलि दी है और कहा है कि देश अरविंद के बलिदान को कभी नही भूलेगा और उन्होंने शोक संतृप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Related Articles

Back to top button