अरब सागर में गूंजा भारत माता की जय

नई दिल्ली। अरब सागर में हाईजैक हुए लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी लीला नोरफोक के चालक दल ने समुद्री लुटेरों से मुक्त कराने के लिए भारतीय नौसेना का आभार जताया है। चालक दल के 21 सदस्यों में से 15 भारतीय हैं। शुक्रवार शाम नौसेना के मार्कोस कमांडो के पहुंचने की भनक लगते ही लुटेरे मालवाहक जहाज छोड़कर भाग निकले थे।

अरब सागर में गूंजा भारत माता की जय
मार्कोस कमांडो की सुरक्षा मिलने से प्रफुल्लित चालक दल के सदस्य कमांडो के गले लग गए और उनमें शामिल भारतीयों ने समवेत स्वर में भारत माता की जय..के नारे लगाए। खुशी जताते, भारतीय नौसेना का आभार जताते और जयकारा लगाते जहाज चालकों का वीडियो नौसेना ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया है।

चालक दल ने सुनाई आपबीती
चालक दल के एक भारतीय सदस्य ने कहा, हम 24 घंटे तक भयभीत रहे लेकिन जैसे ही बचाव के लिए भारतीय नौसेना का युद्धपोत आने की जानकारी मिली, हमें राहत मिली और विश्वास हो गया कि अब हम बच जाएंगे। एक अन्य सदस्य ने कहा, हमें भारतीय नौसेना पर गर्व है।

हाईजैक जहाज के पास पहुंचा भारतीय युद्धपोत
भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस चेन्नई ने शुक्रवार दोपहर बाद हाईजैक जहाज के नजदीक पहुंचकर उसका रास्ता रोक दिया था और कुछ घंटों में समुद्री डाकुओं से उसे मुक्त करा लिया था। उससे पहले शुक्रवार सुबह भारतीय नौसेना के गश्ती विमान और ड्रोन ने समुद्र में जहाज को ढूंढ़ निकाला था और नौसेना के नियंत्रण कक्ष को सूचित कर दिया था। इसी सूचना के आधार पर अलर्ट किया गया आइएनएस चेन्नई कुछ ही घंटों में हाईजैक जहाज के नजदीक पहुंच सका।

एमवी लीला नोरफोक बहरीन के लिए रवाना
मुक्त हुआ जहाज एमवी लीला नोरफोक बहरीन के लिए रवाना हो गया है और अगले सप्ताह वह वहां पहुंच जाएगा। लेकिन नौसेना उसके अपहर्ता समुद्री डाकुओं की तलाश में जुटी हुई है। इस सिलसिले में आकाश में काफी ऊंचाई से प्रिडेटर ड्रोन अरब सागर में समुद्री लुटेरों की तलाश कर रहा है। भारतीय नौसेना का उद्देश्य अरब सागर को लुटेरों से मुक्त कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाना है।

Related Articles

Back to top button