प्रतिबंध के बावजूद किसान ने जलाई पराली, बाइक सवार युवक झुलसा

फतेहपुर-बाराबंकी। ब्लॉक क्षेत्र में धान की कटाई के बाद खेतों में पराली जलाने पर प्रतिबंध लगा है। इसकी रोकथाम के लिए क्षेत्र में निगरानी टीम भी सक्रिय है। वही अधिकारी जगह-जगह गोष्ठी कर लोगों को जागरुक भी कर रहे हैं। इसके बाद भी किसान पराली जलाने से बाज नही आ रहे हैं।

मामला ब्लाक क्षेत्र के गांव देवखेरिया पुरवा का है। जहां पर गांव धधौरा निवासी मुकेश व जितेश निजी कार्य से फतेहपुर गये थे। वापस घर लौटते समय देवखेरिया पुरवा गांव के पास गुरसेल निवासी आजाद के खेत के किनारे पराली भयंकर रूप से जल रही थी। इसी बीच बाइक निकलते समय जितेश के कपड़ों में आग लग गई। आग लगने से दोनों भाइयों ने कपड़े निकाल कर बाइक वही छोड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई। वही बाइक में आग लगने से बाइक का ज्यादातर हिस्सा जलकर राख हो गया। गौरतलब है बाइक सवार युवकों की सूझबूझ के चलते कोई जनहानि नहीं हुई।

विगत शनिवार को ग्राम गुरसेल में भाजपा विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा द्वारा किसानों से पराली न जलाने को लेकर अपील के साथ किसान जागरूकता गोष्ठी का आयोजन भी किया गया था। जिसमें जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया गया था। फिर भी विधायक की बात को अनसुनी करते हुए क्षेत्रीय किसान पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। जबकि प्रशासन द्वारा पराली जलाने पर पांच हजार रुपए जुर्माना लगाए जाने का प्राविधान है।

Related Articles

Back to top button