पीटीसी में ट्रेनिंग के दौरान पुलिसकर्मी की हृदय गति रुकने से मौत

मुरादाबाद। पीटीसी में शुक्रवार को ट्रेनिंग के दौरान यूपी पुलिस में मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। सहारनपुर जनपद के सरसावां थाना क्षेत्र के झबीरण निवासी दुर्गेश कुमार 2016 में यूपी पुलिस में सिपाही के पद पद भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती मुजफ्फरनगर जनपद में पीआरवी पर थी। कुछ समय पहले ही दुर्गेश की हेड कांस्टेबल के पद पर प्रोन्नति हुई थी।

मुरादाबाद पीटीसी में दुर्गेश आउट डोर और इंडोर की ट्रेनिंग चल रही थी। पीटीसी के एडीजी अमित चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार शाम ट्रेनिंग चल रही थी। इस दौरान दुर्गेश को अचानक सीने में दर्द होने लगा था। पीटीसी के अधिकारी और कर्मचारी उन्हें लेकर सीपीएच में पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया था, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन भी मुरादाबाद पहुंच गए।

परिवार के लोगों ने बताया कि दुर्गेश के पिता किसान हैं। परिवार में उनकी एक बहन हैं जबकि दूसरी बहन की मृत्यु हो चुकी है। बहन की 10 वर्षीय पुत्री भी दुर्गेश के घर ही रहती है। दुर्गेश का आठ वर्षीय बेटा अर्णव और पत्नी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हृदय गति रुकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।

Related Articles

Back to top button