सेना भर्ती रैली की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी व सेना के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर दी जानकारी।

19 से 29 दिसंबर 2023 तक चलेगी सेना भर्ती रैली।

सेना भर्ती रैली को लेकर जनपद स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण…….डीएम।

सेना भर्ती रैली पूर्णतया निष्पक्ष एवं पारदर्शी, दलालों के चंगुल में न फंसे अभ्यर्थी…….कर्नल एस0के0 मोर।

अमेठी। डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम अमेठी में आगामी 19 दिसंबर 2023 से अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। सेना भर्ती रैली के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र तथा सेना के अधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि सेना भर्ती रैली को लेकर जनपद स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम अमेठी में सेना भर्ती रैली को लेकर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। इस अवसर पर कर्नल एस0के0 मोर ने जानकारी देते हुए बताया कि सेना भर्ती कार्यालय अमेठी के अंतर्गत 13 जिलों के लिए अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन 19 से 29 दिसंबर 2023 तक डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम अमेठी में किया जा रहा है। रैली में लगभग प्रतिदिन 1000 अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिन्होंने अप्रैल 2023 में आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम उत्तीर्ण किया है यह भर्ती रैली अग्निवीर जीडी, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं और दसवीं कक्षा पास) ट्रेड के लिए आयोजित की जा रही है। इस रैली में उत्तर प्रदेश के 13 जिलों क्रमशः अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, बस्ती, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, सुल्तानपुर और सिद्धार्थनगर के अभ्यर्थी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती रैली पूर्णतया निष्पक्ष और पारदर्शी है इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वह सतर्क रहें और दलालों का शिकार ना बने या किसी अनुचित साधन का सहारा ना लें। अभ्यर्थी भर्ती रैली के दौरान अपने प्रवेश पत्र में उल्लिखित प्रासंगिक दस्तावेज साथ में अवश्य लेकर आये।

Related Articles

Back to top button