मध्य प्रदेश में भाजपा क्लीन स्वीप की ओर, सिंधिया-शिवराज आगे, दिग्विजय-नकुल पिछड़े

भोपाल। लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 सीटों के लिए प्रदेश के 52 जिला मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। सुबह 11 बजे तक के मतगणना रुझानों में भोपाल, इंदौर, गुना, टीकमगढ़, मंदसौर और खजुराहो समेत भाजपा सभी 29 सीटों पर आगे है। इंदौर में भाजपा की लीड दो लाख पार कर गई। गुना से केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विदिशा से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी एक लाख मतों से आगे चल रहे हैं, जबकि राजगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजिय सिंह और छिंदवाड़ा से नकुलनाथ पिछड़ गए हैं। दोपहर तक तस्वीर साफ होने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। इनमें से भाजपा ने सभी 29 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि 27 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पिछले 2019 के लोकसभा चुनाव में 28 सीट पर जीत दर्ज की थी। छिंदवाड़ा सीट जीतकर कांग्रेस ने भाजपा को क्लीन स्वीप से रोका था, लेकिन इस बार शुरुआती रुझान में भाजपा क्लीन स्वीप करती नजर आ रही है।

प्रदेश में भोपाल, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़, होशंगाबाद, बैतूल और सागर सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस का है। इन सीटों में गुना, राजगढ़ और विदिशा सबसे हॉट सीट हैं। गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजगढ़ से दिग्विजय सिंह और विदिशा सीट से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान जैसे दिग्गजों की साख दांव पर है। दिग्विजय सिंह के राजनीतिक करियर के लिए यह परिणाम एक प्रकार से निर्णायक हो सकता है।

राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के रोडमल नागर 21251 मत से आगे चल रहे हैं। रोडमल नागर को 126271 मत मिले, वहीं दिग्विजय सिंह को 105020 मत प्राप्त हुए हैं। दिग्विजय सिंह मतगणना स्थल पहुंचे हैं। उन्होंने रुझानों को लेकर मुस्कराते हुए कहा कि हम जीतेंगे, बिलकुल जीतेंगे। आगे-पीछे चलते रहते हैं। इधर सारंगपुर विधानसभा के दो मतदान केंद्रों पर सील मैच नहीं होने पर कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह की आपत्ति के बाद दोनों केंद्रों की काउंटिंग रोकी गई। दिग्विजय सिंह बोले आपत्ति लगाई गई है।

गुना से भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया की बढ़त लगातार मजबूत होती जा रही है। अब तक की स्थिति में वह 226294 मतों के साथ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह से 132962 मतों से आगे चल रहे हैं। यादवेंद्र सिंह को 93332 मत मिले हैं।

वहीं, विदिशा सीट से भाजपा उम्मीदवार शिवराज सिंह चौहान की बढ़त में लगातार इजाफा हो रहा है। अब तक की स्थिति में वह 250920 मत प्राप्त करने के साथ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 188350 मतों से आगे चल रहे हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रतापभानु शर्मा को 62570 वोट मिले हैं।

सागर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डा. लता वानखेड़े 67011 मतों से आगे हैं। अब तक की स्थिति में वानखेड़े को 113531 मत मिले हैं। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा को 46520 मत मिले हैं। होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के दर्शन सिंह 64647 मतों से आगे चल रहे है। दर्शन सिंह चौधरी को 116165 मत मिले, वहीं कांग्रेस के संजय शर्मा को 51518 मत मिले।

छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से चौथे राउंड के बाद भाजपा के बंटी साहू कांग्रेस उम्मीदवार नकुल नाथ से 20588 वोटों से आगे चल रहे हैं। हालांकि मतगणना पर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि अभी चौथा राउंड हुआ है। मुझे छिंदवाड़ा की जनता पर पूरा भरोसा है। हम चुनाव जीतेंगे।

Related Articles

Back to top button