पत्नी के अफेयर से परेशान था पति, बार-बार करती थी पुलिस से शिकायत

झांसी। जिससे 15 साल पहले प्रेम विवाह किया, उसी पत्नी को अब दूसरे व्यक्ति से प्यार हो गया। पति के लिए यह बेवफाई असहनीय थी और आए दिन दोनों में कलह होती थी। पत्नी भी बार-बार उसकी शिकायत पुलिस से कर देती थी।

बीते रोज भी थाने में उसके जीवन की आखिरी पंचायत हुई, मगर वह निपटी नहीं। दोनों घर को चल दिए। रास्ते में पति शराब के ठेके पर चला गया और नशे में घर पहुंचकर फांसी लगा ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

जालौन के कोटरा थाना क्षेत्र स्थित सेन नगर निवासी सुनील व्यास (55) पुत्र रामेश्वर अपने परिवार के साथ नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित गुमनावारा में किराए से रहता था। उसकी रानीपुर में रिश्तेदारी थी। सुनील का वहां आना-जाना था। उसके रिश्तेदार के घर के पास एक युवती रहती थी। लगभग 15 साल पहले उसे युवती से प्यार हो गया।

इसे भी पढ़ें- बेंगलुरु, चेन्नई की तर्ज पर बनेगी गोरक्षनगरी की सीएम ग्रिड सड़क, इस तकनीक से सुंदरता में लगेंगे चार चांद

रिश्तेदारों ने विरोध किया तो सुनील ने उसे पाने के लिए डाई पी ली और दबाव में आकर उनकी शादी करा दी गई। उससे एक पुत्र 14 साल और 5 साल की पुत्री है। पत्नी का कहना है कि पहले उसके पति शिवाजी नगर के एक व्यक्ति की चार पहिया गाड़ी चलाता था।

वह स्वयं मेडिकल कॉलिज के पास एक खाने की दुकान पर महिला के यहां रोटी बनाने जाती है। पति अक्सर शराब पीकर पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करता था। लगभग दो साल से उनमें झगड़ा बढ़ गया था। पत्नी का कहना है कि घर से मिल रहे तिरस्कार के चलते उसकी एक युवक से दोस्ती हो गई थी और अब वह सुनील के साथ रहना नहीं चाहती थी।

उधर, सुनील आए दिन शराब के नशे में झगड़ा करने लगा था। इसलिए पिछले 2-3 सप्ताह से वह घर पर नहीं रह रही थी। उसने पति की शिकायत विश्वविद्यालय चौकी में की थी। इसके बाद 4 दिन पहले महिला थाने में भी शिकायत कर दी थी। पुलिस ने महिला थाने उन्हें गुरुवार को बुलाया और डांट-डपट कर उनमें समझौता कराने का प्रयास किया, मगर वह उसके साथ आगे की जिन्दगी जीना नहीं चाहती थी। इसलिए पुलिस ने मामले को न्यायालय में ले जाने की सलाह दी थी।

इसके बाद दोनों थाने से निकले और ऑटो रिक्शा से मेडिकल कॉलिज पहुंच गए। गेट नम्बर एक के पास पति गाड़ी से उतर गया और शराब की दुकान की ओर यह कहते हुए चला गया कि आज घर आओ, तुम्हें देखता हूं। पत्नी ने उसकी बात को नजर अन्दाज कर दिया और अपने काम पर रोटी बनाने चली गई।

पत्नी के अनुसार शाम को सुनील ने उसकी दुकान मालिक को फोन करके कहा कि वह मुझे बता दे, वह मर रहा है। उसकी रोज-रोज की धमकियों से परेशान पत्नी ने इसे भी नजर अन्दाज कर दिया। इसके लगभग आधा घण्टे बाद मालूम हुआ कि सुनील ने कमरे पर आकर फांसी लगा ली। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी व अन्य लोग पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। कमरे के अन्दर पंखे पर रस्सी के फन्दे से सुनील का शव लटका था।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और पति-पत्नी दोनों के परिजनों को फोन पर सूचना दे दी। हालांकि शुक्रवार की शाम तक कोई भी रिश्तेदार झांसी नहीं आया था। उधर, विश्वविद्यालय चौकी पुलिस का कहना है कि सुनील ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद के चलते विवाद चल रहा था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button