हिसार का हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय देश के कृषि विश्वविद्यालयों में तीसरे स्थान पर

ओवरऑल कैटेगरी में देश के टॉप विश्वविद्यालयों में रहा विश्वविद्यालय : कुलपति कंबोज

केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फे्रमवर्क में हकृवि को मिला स्थान

हिसार। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। देशभर में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024 के लिए जारी नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) में देश के कृषि विश्वविद्यालयों में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी साख बढाई है जबकि वर्ष 2023 में इस कैटेगरी में पांचवा स्थान प्राप्त किया था।

इसी प्रकार कृषि शोध संस्थानों में 7वें स्थान पर छलांग लगाई है जबकि वर्ष 2023 में 10वें स्थान पर था। साथ ही ओवरऑल कैटेगरी में देश के टॉप विश्वविद्यालयों में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय प्रदेश का एकमात्र सरकारी विश्वविद्यालय रहा।

कुलपति प्रो. बीआर कंबोज ने मंगलवार को कहा कि ने कहा कि यह उपलब्धि हरियाणा राज्य तथा विश्वविद्यालय के शिक्षक, गैरशिक्षक कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा व किसानों की मेहनत का परिणाम है। यह सभी के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों व किसानों को बधाई दी।

कुलपति ने कहा कि इस विश्वविद्यालय ने अपनी उपलब्धियों के कारण आज अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी रैंकिंग के लिए शिक्षण संस्थानों को कई मापदंडों पर उनके प्रदर्शन के अनुसार अंतिम रूप दिया जाता है जिसमें सीखने और संसाधन, अनुसंधान और पेशेवर अभ्यास, आउटरीच और समावेशिता, स्नातक परिणाम और धारणा आदि शामिल हैं। यह रैंकिंग विषय डोमेन और संस्थान के प्रकार के आधार पर तैयार की जाती है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय को हाल ही में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड (नैब) की ओर से सर्वश्रेष्ठ ए प्लस ग्रेड दिया गया है।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा सर्वश्रेष्ठ संस्थान पुरस्कार, सरदार पटेल सर्वश्रेष्ठ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पुरस्कार मिल चुके हैं। इसी प्रकार विश्वविद्यालय मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी अटल रैंकिंग ऑफ इंस्टीट्यूशन्स ऑन इनोवेशन एंड एचीवमेंटस (एआरआईआईए) में कृषि विश्वविद्यालयों में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। विश्वविद्यालय ने आईसीएआर रैंकिंग में तीसरा स्थान पाया था और विश्वविद्यालय में स्थापित एग्री-बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर को स्व-उद्यमियों के विकास की दिशा में किए जा रहे श्रेष्ठ कार्यों के लिए नाबार्ड की ओर से सम्मानित किया गया है।

वर्ष 2023 में विश्वविद्यालय को सरसों अनुसंधान एवं विकास कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए सर्वश्रेष्ठ केन्द्र अवार्ड, हकृवि के चारा व बाजरा अनुभाग को दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान केन्द्र अवार्ड से नवाजा जा चुका है।

Related Articles

Back to top button