यहां चार टोल प्लाजा बनाएगा NHAI; बनेंगे चार बाइपास भी

बरेली। अब आगरा-मथुरा तक बिना टोल टैक्स के सफर करने वाले राहगीरों की जेब का बोझ जल्द ही बढ़ने वाला है। एनएचएआइ मथुरा से बरेली तक चार टोल प्लाजा बनाने जा रहा है। इसकी शुरुआत बदायूं-बरेली के मध्य स्थित मकरंदपुर धाराजीत से होगी। 228 किमी. लंबे परियोजना में बदायूं के कछला स्थित गंगा नदी पर 1,300 मी. लंबे तीन लेन चौड़े पुल का भी निर्माण किया जाएगा।

एनएचएआइ (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) एनएच-530बी पर बरेली से मथुरा तक 228 किमी. लंबा फोरलेन का निर्माण कर रहा है। चार चरणों में निर्माणाधीन राजमार्ग के पहले चरण का काम आगरा व अन्य तीन चरणों का काम बदायूं एनएचएआइ कर रहा है। पहले चरण में मथुरा से हाथरस, दूसरे में हाथरस से कासगंज, तीसरे में कासगंज से बदायूं व चौथे चरण में बदायूं से बरेली तक निर्माण किया जाना है।

बरेली में रामगंगा तिराहे से जुलाई के अंतिम सप्ताह में निर्माण शुरू होने की संभावना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। परियोजना के तहत चार बाइपास भी बनाए जाने हैं। सड़क फोरलेन होने के बाद बरेली से आगरा का सफर महज चार से साढ़े चार घंटे में तय किया जा सकेगा, मगर इसके लिए राहगीरों को जेब भी हल्की करना पड़ेगी। अधिकारियों के अनुसार बरेली से मथुरा तक चार टोल प्लाजा बनाए जाएंगे।

बरेली-बदायूं के बीच मकरंदपुर धाराजीत, बदायूं-कासगंज के बीच कछला में टोल प्लाजा बनाने के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। एनएचएआइ बदायूं डिविजन के साइट इंजीनियर शशांक श्रीवास्तव के अनुसार परियोजना के तहत कछला में गंगा नदी के तट पर एक और पुल बनाया जाएगा। तीन लेन चौड़ा पुल के बनने से वहां पर लग रहा जाम पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इसके साथ ही दूसरे शहरों के राहगीरों का सफर आसान हो जाएगा।

रामगंगा तिराहे से शाहजहांपुर रोड तक 12 किमी. लंबा होगा बाइपास
शहर के रामगंगा तिराहे से शाहजहांपुर रोड को जोड़ने के लिए 12 किमी. लंबे बाइपास का निर्माण किया जाना है। यह बाइपास सिक्स लेन होगा। इसके बनने से राहगीरों को बिना शहर में प्रवेश किए आगरा, बदायूं, मथुरा व अन्य शहर का सफर आसान हो जाएगा। एनएचएआइ बदायूं डिविजन तीनों पैकेज में चार बाइपास बनाएगा। अधिकारियों के अनुसार चारों पैकेज पर 4,500 करोड़ रुपये खर्च हो सकता है। इसे वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

एक नजर में परियोजना
पैकेज एक- 66 किमी
पैकेज दो- 57.1 किमी
पैकेज तीन- 56.4 किमी
पैकेज चार- 48.4 किमी

परियोजना में प्रस्तावित आरओबी व अंडरपास
पैकेज तीन व चार में दो-दो आरओबी
पैकेज दो में 11 अंडरपास
पैकेज तीन में 08 अंडर पास
पैकेज चार में 11 अंडरपास

बरेली-मथुरा राजमार्ग का काम चल रहा है। बरेली में रामगंगा से काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। बदायूं कछला में गंगा पर एक और पुल बनाया जाएगा। परियोजना के तहत चारों पैकेज में एक-एक टोल प्लाजा बनाया जाएगा। – उत्कर्ष शुक्ला, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ, बदायूं डिवीजन

Related Articles

Back to top button