विधानसभा से भाजपा के चार विधायकों को मार्शल के जरिए सदन से किया गया बाहर

 नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा से गुरुवार को चार भाजपा विधायकों को मार्शल के जरिए सदन से बाहर कर दिया गया। यह सभी मणिपुर पर चर्चा कराए जाने के फैसले का विरोध कर रहे थे। बाहर किए गए विधायकों में अभय वर्मा, जितेन्द्र महाजन, अजय महावार और ओपी शर्मा शामिल हैं।

आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने दिल्ली विधानसभा में मणिपुर मसले पर सीमित चर्चा की शुरूआत की। भाजपा विधायकों ने इसका विरोध किया। उनका कहना है कि मणिपुर दिल्ली विधानसभा के दायरे से बाहर का विषय है। विधानसभा में राज्य से जुड़े मसलों पर ही चर्चा की जानी चाहिए। इस पर उपाध्यक्ष राखी बिरला ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण दिया और कहा कि अगर वहां चर्चा हो सकती है तो दिल्ली विधानसभा में क्यों नहीं हो सकती। भाजपा विधायकों की ओर कहा गया कि वहां किसी सदस्य ने उल्लेख भले किया पर औपचारिक चर्चा नहीं हुई। भाजपा के विधायक लगातार नारेबाजी कर रहे थे और विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद मार्शल बुलाकर उन्हें सदन से बाहर कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button