पूर्व विधायक गिरजाशंकर शर्मा ने थामा कांग्रेस का हाथ

भोपाल । मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक गिरजाशंकर शर्मा ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के नौ दिन बाद रविवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके साथ ही टीकमगढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष भक्ति तिवारी भी कांग्रेस में शामिल हो गईं।

पूर्व विधायक शर्मा ने रविवार सुबह नर्मदापुरम में मां नर्मदा का पूजन किया। इसके बाद वे करीब 11.30 बजे अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय भोपाल पहुंचे। उनके साथ भाजपा के कुछ पदाधिकारी, वर्तमान पार्षद, पूर्व पार्षद, जिला पंचायत, जनपद पंचायत सदस्य भी साथ रहे। प्रदेश कांग्रेस पार्टी द्वारा ट्वीट के माध्यम से जानकारी देते हुए देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा के पूर्व विधायक गिरजाशंकर शर्मा एवं टीकमगढ़ जिले के भक्ति तिवारी ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद गिरजाशंकर शर्मा ने कहा कि कई वर्षों तक उन्होंने भाजपा के लिए काम किया। वहां जब दरी बिछाने और मंच बनाने वाले नहीं होते थे। तब से मैं भाजपा में काम कर रहा हूं। पिछले 10 साल में मैंने बहुत कोशिश की कि भाजपा गरीबों के हितों का ध्यान रखे। कार्यकर्ताओं का ध्यान रखें, लेकिन भाजपा ने लोकतंत्र छोड़ दिया है। जी हजूरियों की कीमत है, हमने कांग्रेस के जिले के नेताओं से बात करने के बाद कमलनाथ, सुरेश पचौरी और दिग्विजय सिंह से बात की। उनसे अनुरोध किया कि मैं लगातार राजनीति में काम करने वाला कार्यकर्ता रहा हूं। मैं चाहता हूं कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों को रोका जाए। मैं कोशिश करना चाहता हूं। इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार न बन पाए। नर्मदापुरम जिले में पिछले 15 साल से लगातार भाजपा चुनाव जीत रही है, लेकिन अब हम इस बार पांसा पलट देंगे। मुझे कांग्रेस पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसका निर्वहन करूंगा।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आपका मैं बहुत-बहुत स्वागत करता हूं। गिरजाशंकर शर्मा और भक्ति तिवारी जिन्होंने कांग्रेस का साथ देने में अपनी रुचि दिखाई, वह केवल कांग्रेस का नहीं बल्कि सच्चाई का साथ दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button