कोलकाता में जूनियर महिला रेजिडेंट डॉक्टर की हत्या की घटना के विरोध में फोर्डा ने की है हड़ताल की घोषणा

नई दिल्ली। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर की हत्या की घटना के विरोध में फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) इंडिया ने हड़ताल की घोषणा की है। इस पर दिल्ली के बड़े अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं।

इन अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर
सफदरजंग, आरएमएल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (एलएमएमसी) के सुचेता कृपलानी, कलावती सरन, लोकनायक, जीबी पंत, जीटीबी, डीडीयू, अंबेडकर अस्पताल व इहबास (मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान) सहित ज्यादातर सरकारी अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टर आज हड़ताल पर हैं। इस वजह से अस्पतालों में आज ओपीडी सेवाएं व नियमित सर्जरी प्रभावित रहेगी। इमरजेंसी सेवाएं सामान्य हैं।

एम्स में भी रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल की घोषणा की है। एम्स के रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने कोलकाता में महिला रेजिडेंट डॉक्टर से दुष्कर्म व हत्या की घटना सीबीआ जांच कराने व डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की है।

ओपीडी सेवाएं प्रभावित
दिल्ली के बड़े सरकारी अस्पतालों की ओपीडी व नियमित चिकित्सा सेवाएं फैकल्टी व कंसल्टेंट स्तर के डॉक्टरों पर निर्भर है। इस वजह से अस्पतालों की ओपीडी में आज ज्यादातर पुराने मरीज ही देखे जाएंगे। नए मरीजों को इलाज में ज्यादा परेशानी होने की आशंका है। इसके अलावा अस्पतालों में सर्जरी भी प्रभावित है।

आरएमएल अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. पुलिन गुप्ता ने बताया कि रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल के मद्देनजर फैकल्टी व कंसल्टेंट की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इसलिए जो कंसल्टेंट छुट्टी पर थे उन सबको ड्यूटी पर बुला लिया गया है।

वरिष्ठ डॉक्टर ओपीडी में पहुंच गए हैं। वे मरीजों का इलाज करेंगे और किसी मरीज को इलाज से इनकार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा आइपीडी में भी मरीजों की देखरेख के लिए वरिष्ठ डाक्टर तैनात किए गए हैं और नियमित सर्जरी भी होगी।

Related Articles

Back to top button