विदेशी पर्यटकों के लिए पर्यटन विभाग पेरिस, टोक्यो, लंदन तथा सिंगापुर में लगायेगा स्टॉल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश घरेलू पर्यटन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर आने के बाद विदेशी पर्यटकों को उत्तर प्रदेशा की ओर आकर्षित करने के लिए विश्व के कई देशों में पर्यटन विभाग स्टाल लगायेगा। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि

सितंबर और अक्टूबर में पेरिस, लंदन तथा जापान की राजधानी टोक्यो एवं सिंगापुर में स्टॉल लगाकर उ0प्र0 की समृद्धिशाली सांस्कृतिक विरासत तथा गौरवशाली इतिहास से जुड़े पर्यटन स्थलो तथा प्राकृतिक सुंदरता को पूरी दुनिया को परिचित करायेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग उ0प्र0 को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की जोरदार तैयारी कर रहा है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि पेरिस में 17 सितंबर से इंटरनेशनल फ्रेंच ट्रैवल मार्केट का शुभारंभ हुआ है, जो 19 सितंबर तक चलेगा। यहां भी पर्यटन विभाग ने अपना मंडप बनाया है। यहां उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और ओडीओपी को दर्शाया गया है। वहां रोड शो भी किया जायेगा। इसके अलावा महत्वपूर्ण स्थल जहां बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है, वहां विभिन्न माध्यमों से प्रदेश के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

जयवीर सिंह ने बताया कि जापान की राजधानी टोक्यों में इसी माह 26 से 29 सितंबर तक टूरिज्म एक्सपो, 23 से 25 अक्टूबर तक सिंगापुर में आईटीबी एशिया और 5 से 7 नवंबर तक लंदन में वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट का आयोजन किया जाएगा। इन सभी जगहों पर उत्तर प्रदेश पर्यटन स्टॉल लगाएगा। इसके अलावा रोड-शो का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भारतीय व अन्य देशों के टूर-ट्रैवल ऑपरेटर्स, मीडिया प्रतिनिधि और अंतराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ चर्चा होगी। आगंतुकों के साथ उचित जुड़ाव सुनिश्चित करने के लिए साइनेज, साहित्य, बैनर और पोस्टर अंग्रेजी के अलावा विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध कराये जायेंगें।

जयवीर सिंह ने बताया कि काशी, मथुरा, प्रयागराज तथा अयोध्या एवं कुशीनगर जैसे विश्व प्रसिद्ध स्थलो पर पर्यटकों को विश्व स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एक पर्यटक लगभग 06 लोगों को रोजगार देता है। इसके अलावा टूर, ट्रैवल, ऑपरेटर, टैक्सी तथा हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को काम मिलता है। इस प्रकार पर्यटन सेक्टर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देता है।

Related Articles

Back to top button