शार्ट सर्किट खेतों में लगी आग, सौ बीघे की फसल जलकर राख

हमीरपुर : सुमेरपुर थानाक्षेत्र के अलग-अलग स्थानों में शार्ट शर्किट से आग लगने से करीब 100 बीघा फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से किसानों में हड़कंप मच गया है। आग लगने से सर्वाधिक नुकसान टेढ़ा गांव में हुआ है। वहीं फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने पर किसानों में आक्रोश देखने को मिला।
मंगलवार की दोपहर तीन बजे के करीब शार्ट सर्किट से टेढा गांव स्थित पचखुरा हार में बिजली के शार्ट सर्किट से खेतों में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया गया तबतक आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते फसलें जलकर तबाह हो गई। जिसमें गांव के किसान झंडू सिंह चंदेल की 15 बीघा, हरचरण सिंह की 27 बीघा, रामआसरे तिवारी की 25 बीघा, झंडू साहू की पांच बीघा, विनोद कुमार की पांच बीघा, महेश साहू की पांच बीघा, सुरेश साहू की पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई हैं। लोगों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी थी लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम देर से पहुंची जिसपर किसानों में आक्रोश देखने को मिला। सूचना पाकर थाना पुलिस एंबुलेंस एवं फायर दस्ते को साथ लेकर पहुंची और आग पर काबू पाया। तब तक 86 बीघा की फसल जल चुकी थी। वहीं दूसरी घटना दोपहर करीब 12 बजे चंदौखी गांव में हुई। यहां के निवासी दिनेश चंद्र श्रीवास्तव के खेत में शार्ट सर्किट से आग लगने के कारण करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इसी तरह तीसरी घटना कस्बे में सोमवार रात करीब 10.30 बजे ऊंछा थोक निवासी अखिलेश तिवारी के नलकूप में हुई। यहां रंजिश के चलते अज्ञात लोगों ने पेट्रोल छिडककर चना की फसल में आग लगा दी। इससे करीब तीन बीघा चना की फसल जलकर खाक हो गई। पीड़ित किसान ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। आग की घटनाओं से किसानों में हड़कंप मच गया है। आग से करीब किसानों को 20 लाख की क्षति होने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button