क्वार्सी क्षेत्र की महिला के साथ दहेज लोभियों ने प्रताड़ना की सारी हदें कर दीं पार

अलीगढ़। क्वार्सी क्षेत्र की महिला के साथ दहेज लोभियों ने प्रताड़ना की सारी हदें पार कर दीं। उसे पेड़ से बांधकर पीटा गया। इसके बाद वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी।

इसमें महिला रोते हुए खुद को बचाने की गुहार लगाती दिख रही है। वीडियो प्रसारित होने के बाद गुरुवार देर रात भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी समेत तमाम कार्यकर्ता क्वार्सी थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया।

यह है मामला
क्वार्सी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शादी 11 फरवरी 2023 को अतरौली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले महेश से हुई थी। इसमें पांच-छह लाख रुपये खर्च किए गए। लेकिन, ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। इसे लेकर पंचायत में बिठाकर समझौता कराया गया।

इसके बावजूद उसे प्रताड़ित करना बंद नहीं हुआ। एक फरवरी को महिला के पिता की मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपियों की हिम्मत और बढ़ गई। आरोप है कि देवर छेड़छाड़ करता और ससुर भी बुरी नीयत से पकड़ लेता था।

गुरुवार को ससुरालियों ने पेड़ से हाथ बांधकर मारपीट की। वीडियो प्रसारित करके महिला को बदनाम कर दिया। इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा ने बताया कि घटनास्थल अतरौली क्षेत्र का है। जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button