खाने के पैसे मांगने पर दी गाली

कोसीकलां। खाने के पैसे मांगने पर प्रधान ने दो युवकों को गाली दे दी। इससे नाराज युवकों ने अचानक स्टेयरिंग घुमाकर ट्रैक्टर को पलटा दिया था। दबने से लालपुर प्रधान की मौत हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज से दो युवकों को चिन्हित करके पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और प्रकरण का राजफाश कर दिया।

गांव लालपुर के प्रधान तिहेंद्र सिंह 29 फरवरी को गांव बठैनकलां से घर बनाने का सामान लेकर ट्रैक्टर-ट्राली से वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली में दो युवक भी सवार थे। रात को ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से प्रधान की दबकर मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद स्वजन ने हत्या की आशंका जताई थी। साथ ही दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

गढा बरबारी चौकी प्रभारी रोहित तेवतिया ने बताया, घटना को लेकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इनसे दोनों युवकों की पहचान वेदप्रकाश एवं करण निवासी लालपुर के रूप में हुई थी। घटना के बाद से ही दोनों घर से फरार चल रहे थे। गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे दोनों कोतवन के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया, उन्होंने प्रधान से खाने के लिए पैसे मांगे थे। इस पर प्रधान ने गाली देकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद उनसे हाथापाई भी हो गई थी। इसी का बदला लेने के लिए चलते ट्रैक्टर का स्टेयरिंग अचानक से घुमा दिया था। पलटे ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबने से प्रधान की मृत्यु हो गई। घटना को देख दोनों मौके से फरार हो गए थे। कोसीकलां थाना प्रभारी अरुण बालियान ने बताया, दोनों आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button