दिल्ली सरकार ने हरियाणा पर लगाया मनमानी का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ती गर्मी के बीच जल संकट से लाखों लोग जूझ रहे हैं। इसको लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। ऐसे में आम आदमी पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया है कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने दिल्ली के 4.83 लाख लोगों का पानी रोक दिया है। इससे पहले दिल्ली सरकार ने हरियाणा सरकार पर 28 लाख लोगों का पानी रोकने का आरोप लगाया था।

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने रविवार को पानी की समस्या को लेकर भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने दावा किया है कि जब से आतिशी ने अनशन शुरू किया है तब से हरियाणा सरकार ने दिल्ली का पानी और कम कर दिया है।

भारद्वाज ने पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि दिल्ली में उप्र और हरियाणा से पानी आता है। हरियाणा दिल्ली को 613 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) पानी देता है, लेकिन 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से हरियाणा सरकार सिर्फ 513 एमजीडी पानी दे रही है। इससे दिल्ली में जल संकट गहराया हुआ है। 21 जून से 17 एमजीडी पानी देना और काम कर दिया है। यानी की चार लाख 83 हजार लोगों का पानी रोक लिया गया है।

आम आदमी पार्टी के विधायक आज पानी की मांग को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात करेंगे। मंत्री भारद्वाज ने कहा कि इससे पहले वह आतिशी के साथ उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मिल चुके हैं। उपराज्यपाल ने तीन कैमरे से हमारी मीटिंग को रिकॉर्ड कराया था। हम लोग इसे सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं, जिससे कि जनता को पता चल जाए कि दिल्ली में पानी का संकट क्यों है और क्या षड्यंत्र रचा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button