नगर से जल निकासी व बाढ़ से प्रभावित गांवों को बचाने के लिए कार्य में तेजी लाने की मांग

सपा के राष्ट्रीय सचिव पहले ही सरकार व शासन प्रशासन को पत्र लिखकर लगा चुके हैं गुहार

बलिया। बाढ़ एवं बरसात का मौसम प्रारंभ हो चुका है। जनपद इन दोनों प्राकृतिक आपदाओं से जूझता रहा है। नगर क्षेत्र में जल जमाव तथा जनपद के अधिकांश ग्रामीण हिस्से में बाढ़ का वीभत्स रूप जनपदवासी देखते आ रहे है। ऐसे में जिला प्रशासन को यथाशीघ्र नगर क्षेत्र से जल निकासी एवं बाढ़ से प्रभावित घाघरा एवं गंगा के किनारे बसे गांव में राहत कार्य में तेजी लाना चाहिए। इसके साथ ही कटान में विलीन हो रहे कृषि योग्य भूमि और गावों को बचाने के लिए प्रशासन को यथोचित कदम उठाना चाहिए। यह बातें समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष/प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय “कान्हजी” ने रविवार को प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कही।

कान्हजी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रामगोविंद चौधरी द्वारा प्रारंभ में ही सरकार से लगायत शासन प्रशासन के हर छोटे बड़े ओहदेदारों को पत्र लिखकर बाढ़ प्रभावित घाघरा के किनारे बसे गांवों को बचाने के लिए गुहार लगाया जा चुका हैं। अगर फिर भी सरकार एवं प्रशासन नहीं चेतता है तो समाजवादी पार्टी बलिया जनपदवासियों के इस विकराल समस्या को लेकर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होगी। कहा कि वर्षो से जनपद के लोग बाढ़ की समस्या से जूझते आ रहे हैं। अब इस पर ठोस कार्य होना चाहिए। जिससे इस समस्या का स्थाई निदान हो सके। क्योंकि बलिया जनपद के पिछड़ने का सबसे बड़ा कारण कुछ हैं तो जनपद में प्रत्येक वर्ष आने वाली बाढ़ और उससे होने वाला नुकसान हैं। लोगो के आशियाने और खड़ी फसल तक बाढ़ में विलीन हो जाते हैं। बाढ़ इलाके के लोग महीने भर देश दुनिया से कटे से हो जाते हैं। पालतू पशुओं की भी दुर्दशा हो जाती हैं। इस अति गम्भीर समस्या का स्थाई समाधान जनपद का हर जनमानस चाहता हैं। समाजवादी पार्टी बलिया भी बाढ़ और जलजमाव की समस्या से निदान दिलाने की मांग शासन और प्रशासन से करती हैं।

Related Articles

Back to top button