बूथ जीतिए, चुनाव जीतिएः आदित्यनाथ

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर गुरुवार को पार्टी के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ जीतिए, चुनाव जीतिए। उन्होंने मंडल स्तर के पदाधिकारियों से भी सांगठनिक रिपोर्ट ली और कहा कि अधिक से अधिक सदस्य बनाकर पार्टी को मजबूत कीजिए।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमें चुनाव बूथ पर लड़ना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्र दिया है कि बूथ जीतेंगे तभी चुनाव जीतेंगे। हमें हर बूथ पर जीत दर्ज करनी है। पदाधिकारी बूथों की कटेगरी निर्धारित कर लें। ए कैटेगरी के बूथ पर बड़ी जीत दर्ज करनी है। बी कैटेगरी के बूथों को ए कैटेगरी तथा सी कैटेगरी के बूथों को बी कैटेगरी में लाना है। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती (25 सितंबर) पर पार्टी पदाधिकारी बूथों पर जाएं और स्थानीय लोगों से संपर्क कर उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार की तरफ से चलायी जा रहीं विकास योजनाओं के बारे में बताये। आदित्यनाथ ने कहा कि संगठन की योजना के अनुसार किसान, अधिवक्ता, प्रबुद्ध वर्ग, व्यापारी सहित सभी वर्गों के सम्मेलन आयोजित किए जाएं। 30 सितंबर तक सभी प्रकोष्ठों, विभागों की बैठक तथा सभी मोर्चा के सम्मेलन आयोजित हों। इसके बाद सभी को मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए जिम्मेदारी सौंप दी जाए।

बैठक में प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही, मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मयंकेश्वर शरण सिंह, सतीश शर्मा, पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी सहित मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मोर्चों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ व विभाग के संयोजक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button