आगरा में गोलगप्पे के दोने को लेकर बवाल

आगरा। कमला नगर में बल्केश्वर आइटीआइ के सामने बुधवार शाम को गोलगप्पे के दौने ने बवाल कर दिया। सादाबाद के रहने वाले सगे भाइयों ने पहले कमला नगर के दंपती और उनके दोनों बेटों को पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उस पर हमलावर हो गए। पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना बुधवार शाम साढ़े छह बजे की है।

कमला नगर के कर्मयोगी एन्क्लेव में रहने वाले प्रदीप कुमार गर्ग ने बताया कि वह पत्नी ममता और बेटों श्रेय गर्ग व आदि गर्ग के साथ आइटीआइ के सामने चाट की ठेल पर गोलगप्पे खा रहे थे। चाट खाने के बाद ममता ने दौना वहां कूड़ेदान में डाल दिया। इस पर वहां खड़े दो युवक विवाद करने लगे। युवकों ने हमला बोल दिया। परिवार के लोगों को पीटा। उनकी पत्नी ममता का हाथ तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पीआरवी पहुंच गई।

युवकों ने पुलिसकर्मियों पर बोला हमला
पुलिसकर्मियों ने मारपीट करते युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों से मारपीट कर उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। दोनों युवक पुलिसकर्मियों से गुत्थमगुत्था हो गए। पुलिस ने किसी तरह दोनों को काबू में किया। थाने लाई।

एसओ कमला नगर सोवेंद्र सिंह ने बताया आरोपित राहुल प्रताप और लाला उर्फ रोहित हैं। दोनों मूलरूप से सादाबाद के गांव उदैना के रहने वाले हैं। वर्तमान में खंदौली के गांव नंदलालपुर में रहते हैं। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button