मदारपुर रैली में उमड़ा जनसैलाब देख भाजपा का गड़बड़ाया गणित

राहुल गांधी के न आने पर भूपेश बघेल ने संभाला मोर्चा, सपा कांग्रेस ने दिखाई ताकत

बाराबंकी। बाराबंकी में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी तनुज पुनिया की रैली के राहुल गांधी के न पहुंचने से अब भाजपा के लिए दोहरी चुनौती बन गई है। सूत्रों का कहना है कि आम जनता में भाजपा के प्रति पहले से आक्रोश था लेकिन राहुल गांधी का रैली स्थल पर न पहुंचना भाजपा के लिए मुसीबत बढ़ा सकता है। लोगों का कहना है कि मोदी की रैली के बराबर राहुल गांधी की रैली हिट न हो इसलिए भाजपा सरकार और प्रशासन ने ऐसा किया। जबकि मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया ने कल शाम ही राहुल गांधी को कुछ जरूरी काम पड़ने के कारण छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन की सूचना जिला प्रशासन को दी थी। बहरहाल, रैली में राहुल गांधी को देखने के लिए उमड़ी लाखों की भीड़ इस बात की गवाही दे रही थी कि जिले में जरूर कुछ परिवर्तन होने वाला है। दरअसल, मोदी की रैली में उमड़े जनसैलाब से भाजपाई ज्यादा उत्साहित थे, वहीं भाजपाइयों की राहुल गांधी की रैली पर नजर थी और वे ये मानकर बैठे थे कि रैली में शायद उतनी भीड़ न जुटे जितने कांग्रेस दावे कर रही है। लेकिन लाखों की भीड़ जुटने के बाद भाजपा का गणित गड़बड़ाता दिख रहा है। ऐसे में भाजपा के सामने नए सिरे से मंथन करने की चुनौती रहेगी। सियासी जानकारों की मानें तो जनसभाओं में जुटी भीड़ चुनावी जीत और हार का बेशक प्रमाण न हो, मगर सियासी दलों के लिये यह मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाने का काम जरूर करती है। साथ ही विरोधियों के मनोबल को गिराने में भी मदद करती है। जाहिर है कि पीएम नरेंद्र मोदी की रैली की कामयाबी को लेकर भाजपा चाहे जो तर्क गढे मगर उस पर निश्चित तौर पर दबाव बढ़ गया है। बहरहाल, सच्चाई जो भी हो, लेकिन राहुल का रैली में न आने की वजह संगठन और सरकार के बीच छिड़ी रार भी मानी गई। ऐसे में अब सबकी निगाहें सोमवार को होने वाले मतदान पर होंगी।

79 सीटों पर साफ होगी भाजपा : भूपेश बघेल

बाराबंकी। जिले में आज कांग्रेस न्याय संकल्प रैली में पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नहीं पहुंचे। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान भूपेश बघेल ने राहुल गांधी के बाराबंकी न आने के पीछे जिला प्रशासन और सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से भाजपा इतना डरी हुई है कि उनके हेलीकॉप्टर लैंडिंग की परमीशन जिला प्रशान द्वारा देर रात तक जारी नहीं की गई। लेकिन फिर भी जनता सब जानती है। इन हथकंडों से राहुल गांधी को भाजपा रोक नहीं पाएगी। आने वाले लोकसभा चुनाव के परिणामों में इंडी गठबंधन सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 79 सीटों पर भाजपा साफ हो चुकी है। 79 सीटों पर इंडिया गठबंधन का कब्जा रहेगा। सिर्फ क्योटो यानी वाराणसी सीट पर भाजपा से टक्कर होगी। वहीं बाराबंकी लोकसभा सीट से इंडिया गठबंघन प्रत्याशी तनुज पुनिया ने कहा कि राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग को लेकर देर रात जिला प्रशासन के द्वारा अनुमति नहीं दी गई। जबकि हम लोगों ने सारी कार्रवाइयां समय से पूरी कर दी थीं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार की साजिश का हिस्सा है। उनके इशारे पर आज बाराबंकी में राहुल गांधी नहीं आ सके हैं। लेकिन इंडिया गठबंधन को अब भाजपा की कोई साजिश रोक नहीं पाएगी।

बाराबंकी में इतिहास बनाने जा रहा इंडी गठबंधन : गोप

बाराबंकी। इंडी गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया की शनिवार को कोठी स्थित मदारपुर में आयोजित न्याय संकल्प रैली में जुटी भीड़ से कांग्रेस नेता विशेषकर छत्तीसगढ़ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व सपा और कांग्रेस संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी बागोबाग नजर आए। इस जनसभा में कांग्रेस और सपा का कुनबा एक मंच पर था और सबने किसी न किसी रूप में केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। रैली में जुटी भीड़ से उत्साहित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा,’ऐसा लगता है कि मोदी सरकार व महंगाई दोनों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। यह रैली बाराबंकी में इतिहास बनाने जा रही है। यह जनसैलाब इसका सबसे बड़ा गवाह है।’ रैली में जिलेभर से लगभग लाखों की संख्या में लोग कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भाषण सुनने आए। रैली में उत्साहित भीड़ ने अखिलेश यादव व राहुल गांधी के जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि यह रैली कांग्रेस के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत का मार्ग बनेगी। रैली को कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया, पूर्व सांसद रामसागर रावत, विधायक सुरेश यादव, पूर्व सांसद डॉ पीएल पुनिया, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, कांग्रेस नेता नकुल दूबे, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, राममगन रावत ने भी संबोधित किया। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवशंकर शुक्ला, विजय पाल गौतम वरिष्ठ सपा नेता अदनान चौधरी, वरिष्ठ सपा नेता गौतम रावत, सपा प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान, दानिश सिद्दीकी, युवा सपा नेता पप्पू सिद्दीकी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सियाराम यादव, राजकुमार सिंह, संजीव कुमार सिंह, बृजेश मिश्रा, पवन यादव, प्रदीप सिंह, विजय कुमार लोधी, शब्बीर पहाड़ी, प्रधान आसिफ खान, सभासद सूरज दीक्षित, रोहित मिश्रा, आशीष साहू, कुलदीप वर्मा, अली रिजवी, सभासद हाजी हिसार, अयूब खान, राजा खान, आस मोहम्मद, मेराज हाजी, अमीन लालू यादव, मौजीराम यादव, विकास यादव जनसभा में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक रैली में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button