पार्टी की मजबूती के लिए भाजपा समय-समय पर चलाती अभियान : मनीष ग्रोवर

हिसार । भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा है कि पार्टी की मजबूती के लिए समय-समय पर कार्यक्रम किए जाते हैं। एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में विस्तारकों को भेजकर केन्द्र सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार करना पार्टी की इसी नीति का हिस्सा है।

मनीष ग्रोवर अपने हिसार प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को जिला कार्यालय में हिसार विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए कार्यक्रम होते रहते हैं। इससे पहले पन्ना प्रमुख सम्मेलन भी हुए हैं।

हर कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी व कार्यक्रर्ता अग्रणी रहकर उसे सफल बनाते हैं। विस्तारकों को एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में भेजे जाने का मकसद यही है कि वे अपने क्षेत्र की जानकारी से दूसरे क्षेत्र के पदाधिकारियों को अवगत करवाएं और वहां की जानकारी लेकर खुद भी अपडेट हों। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज न केवल बूथ स्तर पर, बल्कि पन्ना स्तर पर मजबूत है। दूसरी पार्टियां तो अभी संगठन बनाने के बारे में भी नहीं सोच पा रही है।

उन्होंने कहा कि एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे में जाकर केन्द्र सरकार की नीतियों का प्रचार प्रसार करना विस्तारकों व पार्टी कार्यकर्ताओं काम है। उन्होंने बताया कि हिसार लोकसभा क्षेत्र का अल्पकालीन प्रशिक्षण शिविर 10 सितंबर को हिसार के अग्रसेन भवन में लगेगा जो अगले दिन सुबह पहले सत्र के साथ समापन होगा। समापन पश्चात विस्तारक संगठन द्वारा आवंटित किए गए बूथों पर जाकर केंद्र सरकार की 9 साल की उपलब्धियां के बारे में जानकारी देंगे।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, वीरचक्र ने भी पदाधिकारियों को संबोधित किया और कहा कि वरिष्ठ नेताओं के निर्देशानुसार पार्टी कार्यक्रम सिरे चढ़ाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button