बीजेपी विधायक अदिति सिंह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

नई दिल्ली। कांग्रेस से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाली विधायक अदिति सिंह अक्सर चर्चा में रहती हैं। कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाली अदिति सिंह ने कांग्रेस नेताओं पर अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान उन्होंने एक वाकया सुनाया है। इस दौरान उन्होंने कई खुलासे किए।

राहुल गांधी को कुछ पता नहीं: अदिति सिंह

यूपी की रायबरेली सदर सीट से विधायक अदिति सिंह ने बताया कि साल 2017 में वो पहली बार विधायक बनी थीं। उसी दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी पहली मुलाकात हुई थी। अदिति ने बताया कि राहुल गांधी को कुछ जानकारी नहीं।

अदिति ने बताया कि पहली बार विधायक बनने के बाद मेरी राहुल गांधी के साथ मुलाकात हुई। तब राहुल ने पूछा था कि यूपी में हमारे कितने विधायक हैं? मैंने जवाब में कहा- सात विधायक। अदिति ने बताया कि जवाब सुनकर राहुल ने अपना सिर ऊपर उठाया और जोर-जोर से हंसने लगे। राहुल गांधी को हंसता देख मैं हैरान रह गई थी।

कौन हैं अदिति सिंह?

अदिति सिंह रायबरेली सदर से दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं। 2017 में वह यूपी में सबसे कम उम्र के विधायकों में से एक थी। उनके पिता अखिलेश सिंह भी इसी सीट से विधायक रह चुके हैं। अदिति सिंह अमेरिका की ड्यूक यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button