विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, कोर ग्रुप की बैठक आज

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान सभा उपचुनाव की तैयारियों में जुट गयी है। लखनऊ में सोमवार शाम को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक के अलावा उपचुनाव में प्रभारी बनाये गये सभी मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश की जिन 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं उन सीटों के​ लिए मुख्यमंत्री ने 30 मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। यानि एक विधानसभा पर तीन—तीन मंत्रियों की ड्यूटी लगाई है। मंत्रियों ने विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी किया है। मुख्यमंत्री के साथ आज की बैठक में सभी मंत्री अपने दौरों की रिपोर्ट भी प्रदेश नेतृत्व को सौंप सकते हैं। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभावार जमीनी हकीकत क्या है इस बारे में भी बैठक में चर्चा होगी।

–प्रदेश महामंत्री ने विधानसभावार शुरू की बैठकें

भाजपा लोकसभा चुनाव परिणाम से सबक लेते हुए विधानसभा उपचुनाव जीतने में कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहती है। भाजपा के कील कांटे दुरूस्त करने के लिए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने विधान सभावार बैठकें भी शुरू कर दी है। प्रदेश संगठन मंत्री ने रविवार को अम्बेडकर के विधानसभा कटेहरी और अयोध्या के ​मिल्कीपुर विधानसभा में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठककर चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया था। संगठन मंत्री ने इस दौरान अलग—अलग दो बैठकें की। एक बैठक जिले के जनप्रतिनिधियों जिसमें सांसद, विधायक, एमएलसी व नगर पालिका अध्यक्षों के साथ की। वहीं दूसरी बैठक में विधानसभा के मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रवासी तथा शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी एवं प्रवासीयों के साथ की।

Related Articles

Back to top button