जयंती पर याद किये गये भाऊराव देवरस

लखनऊ- उत्तर प्रदेश में संघ कार्य की आधारशिला रखने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक भाऊराव देवरस के जन्मदिवस के अवसर पर महानगर स्थित भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय में स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक व सामाजिक समरसता विभाग अवध प्रान्त के प्रमुख राजकिशोर ने कहा कि भाऊराव देवरस ने देश व समाज के कार्य में अपना सम्पूर्ण जीवन लगाया। उत्तर प्रदेश में संघ के काम को हर जिले तक फैलाने का कम भाऊराव देवरस ने किया। राष्ट्रधर्म मासिक, पांचजन्य साप्ताहिक तथा तरुण भारत जैसे दैनिक पत्र भाऊराव देवरस की प्रेरणा से प्रारम्भ हुए। ‘विद्या भारती’ के पास एक लाख से अधिक विद्यालय हैं। सरस्वती शिशु मंदिर की नींव 1952 में गोरखपुर में भाऊराव ने ही रखी थी।

राजकिशोर ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय, रज्जू भैया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई जैसे अनेक राजनैतिक कार्यकर्ताओं को गढ़ने का काम भाऊराव जी ने ही किया था।सामाजिक समरसता विभाग के प्रान्त कार्यकारिणी के सदस्य बृजनन्दन राजू ने कहा कि भाऊराव देवरस मेधावी छात्र थे। भाऊराव ने लखनऊ विश्वविद्यालय में बी.काॅम तथा एलएलबी में प्रवेश ले लिया और दोनों विषयों में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। लखनऊ विश्वविद्यालय ने अपने मेधावी छात्र की स्मृति में भाऊराव देवरस द्वार का निर्माण कराया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रणजीत दीक्षित ने की। कार्यक्रम का संचालन अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. मनीष शुक्ला ने किया। इस अवसर पर सामाजिक समरसता विभाग के कुलदीप तिवारी, डा.एसके सिंह,डा.जेएन सिंह,और डा.जीएस बाजपेई समेत चिकित्सालय के समस्त फार्मासिस्ट,नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button