
श्रावस्ती- मिशन शक्ति फेज-5″ योजना के अंतर्गत श्रावस्ती पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन सेवाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया के निर्देशन में मिशन शक्ति टीमों ने बाजारों, स्कूलों, धार्मिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर कन्या सुमंगला योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना जैसी लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही, 1090, 112, 181, 1930 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया, जिससे महिलाएं संकट की स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें
साइबर जागरूकता पर विशेष
वर्तमान डिजिटल युग में महिला सुरक्षा सिर्फ भौतिक नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इस अभियान के दौरान, महिलाओं और छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल लेनदेन में सावधानी, साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। शक्ति मोबाइल में तैनात महिला आरक्षी पूजा, महिला आरक्षी सरिता जायसवाल एवं महिला आरक्षी शांति शुक्ला द्वारा थाना कोतवाली भिनगा अंतर्गत ग्राम मोहरानिया, भुजंग तिराहा और विंडोहवा में महिलाओं को सुरक्षा उपायों एवं आत्मरक्षा तकनीकों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, बीट अधिकारियों ने अन्य क्षेत्रों में पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। अभियान के तहत महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई।श्रावस्ती पुलिस का यह प्रयास महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ करेगा, साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बढ़ाएगा तथा समाज में महिलाओं के लिए एक सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर वातावरण तैयार करने में सहायक होगा।