मतदान के महत्व को लेकर जागरूकता का रखा गया लक्ष्य : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून । भाजपा प्रत्येक विधानसभा में 10 हजार मतदाता जोड़ेगी। इसके लिए भाजपा पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।भारतीय जनता पार्टी के चलाये जा रहे राष्ट्रव्यापी वोटर चेतना महाअभियान के तहत भाजपा गढ़वाल संभाग के पदाधिकारियों और महाअभियान के लिए बनाई गई टोली की एक दिवसीय कार्यशाला सोमवार को राजधानी के होटल में हुई। 18 वर्ष की उम्र पार करने वाले युवा किसी भी प्रकार से मतदाता सूची से वंचित ना रहे। इस पर ज़ोर देते हुए प्रत्येक विधानसभा में 10 हज़ार नये मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया ।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपने पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा की “वोटर चेतना महाअभियान ” की समिति घर घर जाकर 1 जनवरी 2024 को जो भी युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करते हैं उनके मतदाता पहचान पत्र बनाकर मतदाता सूची में शामिल करने का काम करेंगे। कोई भी 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुका युवा मतदाता सूची में छूट न जाये। इसका विशेष ध्यान रखा जाए और कार्यकर्ता विधानसभा वार निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्थानीय पार्टी के पदाधिकारी , मेयर , जिलापंचायत अध्यक्ष , ब्लॉक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नये वोटरों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कर हम लोकतंत्र में मतदान के महत्व को लेकर जागरूकता का प्रसार कर रहे हैं।

कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा की जैसे हम भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते अपने पक्ष में अधिकाधिक वोटों को प्रभावित करने के लिए कार्य करते हैं, उसी प्रकार से हमारा काम नया वोट बनाना भी है। इसके लिए इस अभियान के तहत हमें जुटना चाहिए। नये वोटर को भी जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि वोटर चेतना अभियान की टोली इस अभियान में युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों का सहयोग लेकर नए मतदाताओं को जोड़ने का काम करेंगे।

वोटर चेतना महाअभियान के संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने जानकारी दी आगामी दिनों में विधानसभा ,मंडल एवं बूथ स्तर पर जिले से पांच कार्यकर्ताओं को संयोजक और सदस्य नियुक्त किया गया है जिनकी टोली घर घर जाकर आम जनता से संपर्क कर नए मतदाता बनाने का काम करेगी। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारियाँ साझा की।

Related Articles

Back to top button