असम सरकार ने राज्य सिविल सेवा और पुलिस सेवा के 15 अधिकारियों को किया निलंबित

गुवाहाटी। असम सरकार ने राज्य सिविल सेवा और पुलिस सेवा के 15 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि निलंबित किए गए अधिकारियों पर असम लोकसेवा आयोग (एपीएससी) के ‘नौकरी के बदले नकदी’ घोटाले में संलिप्त होने का आरोप है। गुरुवार को जारी आदेशों के मुताबिक निलंबित 15 अधिकारियों में से 11 असम पुलिस सेवा (एपीएस) तथा शेष असम लोक सेवा (एएससी) से हैं।

दो को पिछले सप्ताह किया गया था गिरफ्तार
सूत्रों ने बताया कि इनमें से दो एपीएस अधिकारियों को पिछले सप्ताह इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। कई अन्य को पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआइटी) के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया है।

मामले की चल रही है जांच
अधिसूचना में कहा गया है कि ये अधिकारी ‘एपीएससी’ द्वारा की गई विसंगतियों और कदाचार के लाभार्थी थे। उनके मूल प्राप्तांकों को बढ़ाया गया जिसके आधार पर परिणाम घोषित हुए और उनकी नियुक्ति हुई। जिस प्रक्रिया से उन्होंने अपनी नौकरियां प्राप्त कीं वह भ्रष्टाचार है।

चूंकि उनके विरुद्ध जांच चल रही है, इसलिए उन्हें पद पर बनाए रखना लोक सेवा के हित में नहीं है। जिन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच चल रही है, उसकी जानकारी एक सदस्यीय (सेवानिवृत्त) बीके. शर्मा आयोग ने दी थी।

Related Articles

Back to top button