अरविंद केजरीवाल ने आतिशी को तिहाड़ से भेजा संदेश

नई दिल्ली। हरियाणा पर दिल्ली को उसके हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगाते हुए दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने जंगपुरा स्थित भोगल में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया। इससे पहले वह मुख्यमंत्री आवास जाकर सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की। उसके बाद उनके साथ राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

अनशन स्थल पर सुनीता केजरीवाल ने कहा, मुख्यमंत्री को जमानत मिली। अभी निचली अदालत का आदेश वेबसाइट पर अपलोड भी नहीं हुआ और ईडी हाई कोर्ट चली गई। ऐसा लग रहा है कि केजरीवाल सबसे बड़े आतंकवादी हैं। तानाशही इतनी बढ़ गई है कि मुख्यमंत्री को भी कानूनी अधिकार नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जेल से भेजे गए मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया।

केजरीवाल ने अपने संदेश में कहा, पूरे देश में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 50 डिग्री तक पहुंच रही है। शायद एक सौ वर्ष में इतनी गर्मी नहीं पड़ी। गर्मी को कम नहीं किया जा सकता है, परंतु कठिन समय में सभी को मिलकर काम करना चाहिए। हमारी संस्कृति में गर्मियों में प्यासे लोगों को पानी पिलाते हैं। दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से पानी मिलता है। उसी से लोगों की प्यास बुझती है।

इतनी गर्मी में और प्यास लगती है इसलिए अधिक पानी की जरूरत है। उम्मीद थी कि मुश्किल वक्त में पड़ोसी राज्यों से और सहारा मिलेगा। इस मुश्किल दौर में पड़ोसी राज्य हरियाणा ने दिल्ली का पानी और कम कर दिया गया। हम देश के किसी भी भाग में रह रहे हैं लेकिन एक-दूसरे को मदद करनी चाहिए। माना कि दिल्ली व हरियाणा में अलग-अलग पार्टी की सरकार है लेकिन क्या इस पर राजनीति होनी चाहिए।

मुश्किल समय में पूरा देश सहायता को आगे आता है। इसी कारण तो हम एक देश हैं, लेकिन हरियाणा सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हरियाणा सरकार से पूरी नम्रता के साथ अपील करने के लिए आतिशी सत्याग्रह कर रही हैं। वह अनिश्चितकालीन समय तक अनशन करेंगी। कुछ नहीं खाएंगी, सिर्फ जल ग्रहण करेंगी। यह कठोर तपस्या है। यह सिर्फ दिल्ली के लोगों के लिए कर रही हैं। जेल में जब टीवी पर पानी के लिए दिल्ली वालों की परेशानी देखता हूं तो मुझे पीड़ा होती है। उम्मीद है कि आतिशी की तपस्या सफल होगी।

सांसद संजय सिंह ने कहा, भाजपा और इसकी सरकार के अंदर क्रूरता है। दिल्ली के लोगों को एक-एक बूंद पानी के लिए तरसा रही है। देश में व्यवस्था है कि एक राज्य से दूसरे राज्यों में पानी जाता है। किस राज्य को किस नदी से कितना पानी मिलेगा यह तय किया गया है। दिल्ली का पानी हरियाणा से आता है।

हरियाणा में पंजाब से पानी आता है। दिल्ली व पंजाब में आप की सरकार है। हरियाणा में भाजपा की सरकार है। पंजाब में भगवंत मान की सरकार हरियाणा का पानी नहीं रोकते हैं। हरियाणा के लिए निर्धारित पानी पंजाब से दिया जा रहा है, परंतु हरियाणा की सरकार दिल्ली को उसके हक का पानी नहीं दे रहा है।

Related Articles

Back to top button