ऐसा कोई सगा नहीं, जिनको इस पार्टी ने ठगा नहीं…

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली में शराब घोटाले में फंसे आम आदमी पार्टी के नेताओं के बचाव में आप पार्टी के बयानों को हास्यास्पद बताते हुए इनके कृत्यों को दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात बताया है।

अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के एक के बाद एक नेता जेल गए। कोई 6 महीने से जेल में है तो कोई डेढ़ वर्षो से जेल में है। इससे पता चलता है कि उन्होंने जनता के साथ कितना बड़ा विश्वासघात किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण होने के साथ-साथ चिन्ताजनक है। ऐसा कोई सगा नहीं, जिनको आम आदमी पार्टी ने ठगा नहीं।

आम आदमी पार्टी व दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी द्वारा भाजपा पर उन्हें पार्टी जॉइन करने के लिए ऑफर दिए जाने के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 4 से 5 वर्षों में आपने एक नहीं बल्कि अनेक बार आम आदमी पार्टी के नेताओं के ऐसे झूठे बयान देखे और सुने होंगे। जिस पार्टी का आधार ही झूठ हो और जिसके नेता एक से बढ़कर एक झूठ बोलने में माहिर हों, उनसे आप और क्या उम्मीद कर सकते हैं। झूठ और आप पार्टी का चोली दामन का साथ है। ये झूठ बोलकर सुर्खियां बटोरने में माहिर लोग हैं। जिस रामलीला मैदान में इन लोगों ने अन्ना हजारे का उपयोग कर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का ढोंग रचा था, आज उसी रामलीला मैदान में इन्होंने भ्रष्टाचारियों को एक मंच पर लाया है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जो अरविंद केजरीवाल कभी ईमानदारी की कसमें खाया करते थे, वह आज भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए हैं, जेल में हैं। आज आम आदमी पार्टी का एक-एक वोटर उनके पिछले बयानों को सुनकर ठगा हुआ महसूस कर रहा है। यह वही अरविंद केजरीवाल हैं, जो कहते थे कि इस कुर्सी पर जो बैठता है वह भ्रष्ट हो जाता है। आज उन्होंने अपनी ही बात को सिद्ध कर दिया है। आप उन लोगों के बारे में सोचिए जो कल तक केजरीवाल के आंदोलन को सच मानकर उनसे जुड़े हुए थे। आज उन्हें कितनी पीड़ा हो रही होगी।

Related Articles

Back to top button