फर्जी फर्मों से करोड़ों की खरीद-फरोख्त दिखाकर 12.37 करोड़ की आईटीसी लेने का एक और मामला आया सामने

अलीगढ़ महानगर में फर्जी फर्मों से करोड़ों की खरीद-फरोख्त दिखाकर 12.37 करोड़ की आईटीसी लेने का एक और मामला सामने आया है। जीएसटी की अनुसंधान शाखा की जांच में अहमदाबाद के कारोबारी द्वारा सिविल लाइंस के गुरुद्वारा रोड पर कागजों में फर्म संचालन दिखाकर यह गोलमाल किया गया है।

अपनी फर्म के जरिये 66.34 करोड़ की बिक्री दिखाई है। वहीं खुद का ऐसी फर्म से माल खरीदना दिखाया है, जो एक वर्ष से बंद है। इसी आधार पर जीएसटी द्वारा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह महानगर में अब तक का तीसरा बड़ा मामला है। जिसमें मुकदमा दर्ज हुआ है।

यह मुकदमा राज्य कर अधिकारी अनुसंधान शाखा राज्य कर विभाग महेंद्र प्रताप सिंह की ओर से कराया गया है। जिसमें कहा है कि सिविल लाइंस के गुरुद्वारा रोड पर श्रीराम एंटरप्राइजेज नाम से 5 जनवरी 2024 को फर्म का पंजीकरण कराया गया। यह फर्म बाघेला भावेश जीनाभाई निवासी बिल्डिंग नंबर 108 ग्राउंड फ्लोर खोखरा नेहरू नगर अहमदाबाद ने पंजीकृत कराई गई।

16 अप्रैल को ऑनलाइन पोर्टल पर इस फर्म की जांच की गई तो पाया कि फर्म ने एक दर्जन अन्य फर्मों को अपनी फर्म से 66 करोड़ 34 लाख 64 हजार 992 रुपये की बिक्री यानी माल की सप्लाई दिखाई है। वहीं, जिस सर्वश्री स्टार एंटरप्राइजेज से खुद को माल लेना दर्शाया है, वह फर्म 15 अप्रैल 2023 से सुमोटो कैंसिल है और उसकी सप्लाई भी शून्य है।
इससे साफ हुआ कि बिना किसी खरीद के आपूर्ति करना दिखाया गया है। इसकी पुष्टि गुरुद्वारा रोड की फर्म के पते पर मौके पर जाकर भी हुई। जहां आसपास के लोगों ने बताया कि न तो यहां इस नाम की कोई फर्म संचालित है। न इस नाम के किसी व्यक्ति को जानते और न यहां मेडिकल उत्पादों का कोई व्यापार होता है।

फर्म के पंजीकरण पर जो मोबाइल नंबर दर्ज है, वह भी बंद था। बावजूद इसके बाघेला भावेश जीना भाई ने अपनी फर्म की खरीद के आधार पर 12 करोड़ 37 लाख से अधिक की आईटीसी ले ली। इसी आधार पर फर्म स्वामी पर सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने फर्जीवाड़े व साजिश आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे पहले एक मुकदमा सिविल लाइंस में और एक सासनी गेट में भी दर्ज हुआ था। कागजों पर फर्मों द्वारा फर्जी तरीके से खरीद फरोख्त दिखाए जाने के मामले में लगातार जांच जारी है। इसी क्रम में शहर में फर्जी फर्म की खरीद फरोख्त व आईटीसी लेने का मामला पकड़ा गया। जिसमें मुकदमा दर्ज कराया गया है।-डॉ.एसएस तिवारी, अपर आयुक्त ग्रेड-वन

खरीद दिखाने वाली फर्में भी जांच के दायरे में
गुरुद्वारा रोड की इस फर्म से जिन फर्मों को माल की आपूर्ति दिखाई गई है। अब राज्य कर विभाग की टीम उन फर्मों को भी जांच के दायरे में ले रही है। उनके द्वारा कारोबार का संचालन कहां व कैसे किया जा रहा है। उन्हें इस फर्जी फर्म से माल की आपूर्ति दिखाई गई है तो उन्होंने कैसे इससे माल खरीदा है। इन सभी फर्मों का ऑनलाइन ब्योरा देखा जा रहा है। साथ में नोटिस जारी कर सवाल जवाब भी किए जाएंगे। ये भी इसी तरह की फर्म साबित हुईं तो कार्रवाई की जद में आएंगी।

Related Articles

Back to top button