दस वर्षीय बच्चे की मौत के बाद जागा वन विभाग, लगाए पिंजरे व कैमरे

लखीमपुर खीरी। तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग की टीम पर किए गए पथराव के बाद वन महकमा हरकत में आ गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने टीम को तैनात कर दिया है। पिंजरे एवं कैमरे भी लगाए गए हैं।

प्रभागीय वन अधिकारी दक्षिण खीरी वन विभाग संजय कुमार बिस्वाल ने सोमवार की सुबह जानकारी दी कि थाना फूलबेहड़ के अंतर्गत शारदानगर वन रेंज के गंगाबेहड़ गांव में तेंदुए के हमले से 10 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग की टीम पर आक्रोश के चलते पथराव किया था।

इसके बाद ग्रामीणों को समझा कर क्षेत्रीय वन अधिकारी शारदानगर रेंज वन कर्मियों व पुलिस अधिकारियों के साथ रविवार को ही घटनास्थल पर पहुंचे थे और गन्ने के खेत से 10 वर्षीय छोटू व अल्तमस पुत्र मुनव्वर निवासी गंगाबेहड़ का शव बरामद कर लिया था। तेंदूए के मृतक को खेत में खींच कर ले जाने के साक्ष्य भी मिले थे। इसके बाद वन्य जीव को पकड़ने के लिए वन विभाग ने दो पिंजरे व कैमरे लगाए हैं।

मुख्य वन संरक्षक लखनऊ मंडल लखनऊ एवं उच्च अधिकारियों के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में 24 घंटे वन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, वन्य जीव विचरण की मॉनिटरिंग के साथ-साथ वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, जिनके अंतर्गत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जल्द ही हमला करने वाले वन्य जीव को पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button