होली पर रंग-गुलाल खेलने के बाद सरयू नदी में गए थे स्नान करने, डूबने से हुई मौत

बरहज, देवरिया। नगर के सरयू तट स्थित पीपा पुल के पास मंगलवार को नदी में आजाद नगर दक्षिणी निवासी और 12वीं के छात्र रौनक जायसवाल (18) पुत्र जितेंद्र जायसवाल की डूबने से मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में चीख-पुकार मच गई। होली त्योहार पर रौनक रंग-गुलाल खेलने के बाद साथियों के साथ सरयू नदी में स्नान करने गया हुआ था।

कांग्रेस पार्टी के नेता जितेंद्र जायसवाल के तीन बच्चे आदर्श, रिया में रौनक सबसे बड़ा था। होली त्योहार के दिन नदी में डूबने से हुई मौत से मां सुनीता देवी रह-रह कर बेहोश हो जा रही थीं। वहीं भाई-बहन बदहवास थे। पर्व के दिन घर में मातम पसर गया। रौनक ने सुबह होते ही परिवार और साथियों के साथ जमकर होली खेली। क्या पता था कि ईश्वर को कुछ और ही मंजूर है। बताया जा रहा है कि दोपहर में करीब 12 बजे रंग-गुलाल खेलने के बाद नहाने नदी की ओर गए हुए थे।

इसी बीच पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबते देख अन्य साथी और आसपास के लोग जब तक कुछ कर पाते वह नदी में लापता हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद उन्हें बाहर निकाला गया और सीएचसी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने रौनक को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है।

Related Articles

Back to top button