झालावाड़ में मामूली विवाद के बाद डंपर से लोगों को कुचला, पांच की मौत

कोटा। राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक डंपर ने पांच लोगों को कुचल दिया है। इस हादसे में दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि एक विवाद के बाद डंपर चालक ने घटना को अंजाम दिया।

क्या है मामला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये घटना शनिवार देर रात की है। पगारिया के थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि शनिवार देर रात रणजीत सिंह और डुंगर सिंह का भरत सिंह और अन्य लोगों के बीच विवाद हुआ था।

पुलिस स्टेशन पहुंचने से पहले चढ़ाया डंपर
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच यह विवाद सुलझ नहीं पाया। इसके बाद भरत सिंह, उनके भाई और तीन अन्य पीड़ित दो बाइक पर सवार होकर पुलिस स्टेशन के लिए रवाना हुए। हालांकि, वह लोग कुछ ही दूर पहुंचे थे। इस दौरान रणजीत सिंह और डुंगर सिंह ने उन पर डंपर चढ़ा दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। SHO ने बताया कि पांचवें पीड़ित की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

डंपर छोड़कर भागे दोनों आरोपी
अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी डंपर छोड़कर भाग गए। दोनों आरोपियों के नाम रणजीत सिंह और डुंगर सिंह है। वहीं, हादसे में भरत सिंह (22) और धीरज सिंह (20), तूफान सिंह (33), गोवर्धन सिंह (28) और बालू सिंह (20) की मौत हुई है।

विवाद के पीछे की वजह का पता लगा रही पुलिस
पगारिया के थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि विवाद के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। सर्किल ऑफिसर प्रेम कुमार ने कहा कि विवाद के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। यह पता चला है कि पीड़ितों और आरोपियों के बीच कोई बड़ी दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि आरोपियों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने दर्ज किया केस
थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने रणजीत सिंह और डुंगर सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button