एडीजे-16 विश्व विभूति गुप्ता ने परिसर में गुटखा चबाते-थूकते देख स्टाफ से बुलवा कर किया दंडित…

भागलपुर। सूबे में गुटखा-पान मसाले के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, बिक्री और प्रदर्शन पर प्रतिबंध के अनुपालन की परवाह नहीं, लेकिन जज ने गुटखा चबाने पर दंड की चाबुक चला दी।

गुरुवार को व्यवहार न्यायालय के एडीजे-16 विश्व विभूति गुप्ता ने कोर्ट परिसर में दो लोगों को गुटखा चबाते-थूकते नजर पड़ी तो उन्हें स्टाफ से न सिर्फ सामने हाजिर कराया, बल्कि उन्हें दंड के रूप में दो-दो सौ रुपये का जुर्माना भी लगाया।

ये गुटखा चबाते पकड़े गए
न्यायाधीश ने गुटखा चबाते पकड़े गए घोघा निवासी धर्मेंद्र मंडल और गुलाबी मंडल को जुर्माना लगाने की कवायद पूरी कराने के बाद सख्त हिदायत भी दी कि भविष्य में गुटखा चबाते-थूकते पकड़े जाने पर उन्हें और सख्त दंड का सामना करना पड़ेगा।

गुटखा चबाते धर लिए गए दोनों व्यक्तियों की सिट्टी-पिट्टी उस समय गुम हो गई जब उन्हें अचानक कोर्ट स्टाफ ने जाकर टोका और कोर्ट के अंदर चलने को कहा। उन्हें न्यायाधीश के सामने जब हाजिर किया गया तो उनके हलक सूख गए थे कि जाने हाकिम कौन सा दंड दे दें।

दोनों संभल भी नहीं सके थे। ठंड अधिक होने के बाद भी उनके चहरे पर पसीने चुहचुहा गया था। थर-थर कांपते दोनों पैर को संभालने की चेष्ट कर सिर नीचे किये करीब आधे घंटे खड़े किए गए।

फिर न्यायाधीश ने उन्हें दो-दो सौ रुपये का जुर्माना कोर्ट नजारत में जमा कर उसकी रसीद लेने का आदेश सुनाया गया। जुर्माने का दंड देने के बाद न्यायाधीश ने उन्हें सख्त हिदायत के बाद जाने को कहा।

अब नहीं खाएंगे
कोर्ट से बाहर निकलते ही दोनों ने रोने वाले अंदाज में कहा कि अब चाहे कुछ हो जाए, गुटखा-पुड़िया नहीं खाएंगे। दोनों के साथ न्यायालय में घोघा-आमापुर-कुलकुलिया इलाके से कई अपने लोग भी केस की स्थिति जानने पहुंचे थे।

दोनों ने उन्हें कोर्ट के बाहर खड़े देख अंकवारी में भर लिया। फिर ग्राउंड फ्लोर पर स्थानीय भाषा में यह बोलकर चलने को कहा कि हाकिम बहुत सख्त हैं, नीचे चलकर बात करते हैं। इतना बोल सीढ़ी से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर आकर घटनाक्रम की जानकारी दे घर की ओर रवाना हो गए।

गुटखा-पान मसाले पर है प्रतिबंध
सूबे में गुटखा-पान मसाले के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, बिक्री और प्रदर्शन पर प्रतिबंध है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव सह खाद्य संरक्षण आयुक्त अमृत प्रत्यय ने 23 फरवरी 2022 को तंबाकू निर्मित सभी प्रकार के गुटखा और पान मसाले के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, बिक्री और प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने संबंधी आदेश जारी किया था।

Related Articles

Back to top button