विलुप्त हो रही प्रजातियों के संरक्षण के लिए होगा आम महोत्सव

आम की विभिन्न प्रजातियों पर होगी चर्चा, बागवानी के शौकीन लोगों का होगा जमावड़ा

बाराबंकी। विलुप्त हो रही प्रजातियों को संरक्षित करने के लिए रविवार को आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्वर्गीय राजीव चौधरी पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा शहर स्थित मुग़ल दरबार में 30 जून को पूर्वान्ह 4 बजे 13वां आम महोत्सव एवं गोष्ठी में आम की विभिन्न प्रजातियों पर चर्चा होगी। शनिवार को शहर स्थित मुग़ल दरबार में आम प्रदर्शनी की तैयारी को अन्तिम रूप दिया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मो उमैर किदवाई की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित हुई। उन्होंने बताया कि आम महोत्सव एवं गोष्ठी में जिले के संभान्त नागरिक, अधिवक्ता, पत्रकार, राजनेता एवं बागवानी से संबंधित लोग सम्मिलित होंगे। बैठक में कार्यक्रम संयोजक एवं पर्यावरणविद् हाजी सलाउद्दीन किदवाई ने बताया कि आम महोत्सव में विलुप्त हो रही प्रजातियों को संरक्षित करने और आम की पैदावार बढ़ाने के लिए गोष्ठी का आयोजन किया गया है। इस गोष्ठी के उपरान्त आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा।

इस बार आम के लगभग 150 से अधिक उन्नत और देशी प्रजाति के आमों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आम प्रदर्शनी में बनाना रेड, बनाना ग्रीन, ताम एस्किन, सेंसेशन प्रजाति के आम भी लोगों को आकर्षित करेंगे। प्रदेश व जिलेभर से आम की बागवानी के शौकीन लोग अपने-अपने बागीचे में लगे आमों को लेकर प्रदर्शनी में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा किसान गोष्ठी में कृषि वैैैज्ञानिक व पर्यावरणविद् बागवानों को आम की उत्तम बागवानी के टिप्स देंगे। श्री किदवाई ने बताया कि आम प्रदर्शनी में रंगीन आम तथा कुछ नई प्रजातियां एवं लुप्त हो रही प्रजाति ‘याकूती’ का भी अवलोकन कर सकेंगे। प्रदर्शनी का मकसद लुप्त प्रजातियों को भी इकट्ठा करके उन्हें संरक्षण देना क्योंकि ये प्रजातियां ऐसी थी जो व्यवसायिक नहीं थी जिस वजह से लोगो ने प्रोत्साहित नहीं किया और वह लुप्त प्रायः हो गई है। जिले में यदि बागवानी के क्षेत्रफल को हटा दिया जाए तो पर्यावरण का संतुलन बिगड जाएगा। इसलिए इस प्रदर्शनी में का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण भी है। जिसमें विशेष रूप से बागवानी से संबंधित लोगों को बुलाया गया है। प्रदर्शनी में आम उत्पादक, निर्यातक और आम की बागवानी के शौकीन लोग भी भागेदारी करेंगे। प्रदर्शनी में गुलाब खास, मल्लिका, हुश्नआरा, सेन्सिटियन, अम्बिका, टाम अतकिन, शरीफा मैन्गो, मुशीर पसन्द, देशी शुर्ख, लंगड़ा, दशहरी, चौसा, फजरी, रामकेला, अम्बिका, लखनऊ सफेदा, आम्रपाली, गुलाब खारा, वनराज अंगूरदाना, जरदालू आदि का विशेष प्रजातियांे के आम का प्रदर्शन होगा। बैठक में मुख्य रूप से अध्यक्ष उमेर किदवई, राजनाथ शर्मा, अनवर महबूब किदवई, जतिन चौधरी, आदिल हसन, सौरभ सिंह कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button