दुफेडिया में एक तेज गति कार ने छह लोगों को रौंदा, दो की मृत्यु

इटवा। इटवा थानांतर्गत ग्राम दुफेडिया में एक तेज गति कार ने छह लोगों को रौंद दिया। सभी किशोर और युवक थे। दो को हल्की चोटें आईं, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो की मृत्यु हो गई। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है।

इटवा-बेलवा मार्ग पर दुफेडिया गांव कुछ युवक और किशोर गर्मी के चलते टहलते हुए सड़क की पटरी बैठे हुए थे। तभी अनियंत्रित तेज रफ्तार में कार आई और सभी को रौंदते हुए चली गई। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई।

कुछ गाड़ी का पीछा किए। जबकि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा में भर्ती किया गया। घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर सीधे इटवा थाने पर आ गई। यहां भारी भीड़ पहुंच गई। हर कोई आक्रोशित दिखा। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सभी को शांत किया।

उधर अस्पताल लाए गए 16 वर्षीय जोगेन्द्र पुत्र विश्वनाथ, 25 वर्षीय जीतू पुत्र घनश्याम, 20 वर्षीय प्रमोद सोनी पुत्र राज सोनी व 20 साल के ही जितेंद्र कुमार पुत्र कृष्णा को प्रथम उपचार के दौरान डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

रास्ते मे जोगेंद्र और जीतू की मृत्यु हो गई। घटना में अमीन व महेंद्र को हल्की चोटें आईं। किशोर और युवक की मृत्यु पर उनके परिवार में कोहराम मच गया।

प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया दुर्घटना में दो की मृत्यु हुई है। कार कब्जे में और चालक हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button