उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी

नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के साथ कोहरा भी कम नहीं हो रहा है। सुबह के समय तेज कोहरे के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि 26 और 27 जनवरी को घना कोहरा रहेगा लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे लोगों को राहत मिलने लगेगी। यानी कि 28 जनवरी से लोगों को कोहरे और ठिठुरन दोनों से ही राहत मिलने लगेगी। वहीं आज सुबह दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी काफी प्रभावित हो रही है।

मौसम विभाग ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते 31 जनवरी तक मौसम का मिजाज पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बदलने वाला है। इन दिनों हल्की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा में हल्की बारिश का अलर्ट है।

अंडमान और निकोबार द्वीप में 27 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ऊंचे बादलों की चादर से लिपटे रहने की संभावना है, जिसे भारतीय वायु सेना में ‘26 जनवरी हाई क्लाउड्स’ के नाम से जाना जाता है।

उत्तर प्रदेश में ठिठुरन के साथ घना कोहरा

उत्तर प्रदेश में गलन, ठिठुरन के साथ घने कोहरे का प्रकोप जारी है। बुधवार को कई जिलों में तापमान पांच डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, ठंड और कोहरे से अभी दो-तीन दिन राहत मिलने के आसार कम हैं।

लखनऊ में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कानपुर शहर और सोनभद्र में भी भीषण सर्दी का दौर जारी है। दोनों इलाकों में रात का पारा तीन डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि राज्य के करीब 65 जिलों में गुरुवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा। लखनऊ और उसके आसपास सुबह सात बजे तक दृश्यता 25 मीटर से भी कम रही।

बिहार में चल रही शीतलहर

बिहार के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम में हो रहे बदलाव के मद्देनजर पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्य के पश्चिमी एवं मध्य भाग में 26 जनवरी को घना कोहरा जारी रहेगा।

वहीं, 27 जनवरी को राज्य के उत्तरी एवं दक्षिणी भाग में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं राज्य के कुछ भागों में शीत दिवस होने की संभावना है। 28 जनवरी को पूर्वी बिहार एवं मध्य भाग में शीत दिवस जारी रहने की उम्मीद है। साथ ही राज्य के पश्चिमी एवं मध्य भाग के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है।

उत्तराखंड में गणतंत्र दिवस पर बूंदाबांदी के आसार

आज गणतंत्र दिवस पर दून में हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है। बादल मंडराने से दून के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि की संभावना है। लंबे समय से कोहरे की मार झेल रहे दून को फौरी राहत मिली है। शहरी क्षेत्र में कोहरे का प्रकोप कम हो गया है, लेकिन पाला पड़ने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बुधवार की रात जमकर पाला गिरा, जिसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस सीजन में पहली बार दून का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। इससे सुबह के समय ठंड अधिक महसूस हुई।

हरियाणा के छह जिलों में रेड अलर्ट

मौसम में लगातार परिवर्तन के साथ ही 26 जनवरी को छह जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिन ठंडा रहेगा। मौसम विज्ञानियों की ओर से अगले तीन दिन तक घना कोहरा छाने की संभावना व्यक्त की गई है। गुरुवार को सिरसा की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही। यहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानियों ने एक फरवरी के आस पास हल्की बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार हल्की बूंदाबांदी के साथ 30 व 31 जनवरी को आंशिक बादलवाई होगी। इससे तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।

पंजाब में बर्फीली हवाओं का कहर जारी

गणतंत्र दिवस पर यानी शुक्रवार के लिए मौसम विभाग की तरफ से रेड अलर्ट जारी कर दिया है, जबकि बाकी दिनों के लिए अभी आरेंज अलर्ट है। ऐसे में बर्फीली हवाएं सभी को परेशान करेंगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में कोहरा पड़ने की संभावना है। इस वजह से विजिबिलिटी भी कम रहेगी। अगर गुरुवार के दिन की बात करें तो कुछ पलों के लिए धूप तो निकली, मगर बर्फीली हवाएं साथ-साथ चलने की वजह से कंपकंपी से राहत नहीं मिल पाई।

पहाड़ों पर बर्फबारी तो निचले इलाकों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग द्वारा 26 से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी व मैदानी क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर आगामी पांच दिनों तक रहने का अनुमान है। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर बादलों के छाने की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा 26 से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी व मैदानी क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर आगामी पांच दिनों तक रहने का अनुमान है। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर बादलों के छाने की संभावना है।

हिमालय की बर्फीली हवाओं से ठिठुरा झारखंड

हिमालय से आने वाली ठंडी हवाओं से शहर में ठिठुरन वाली ठंड का दौर जारी है। गुरुवार को बर्फीली हवाओं से रात का मौसम बेहद सर्द हो गया। शहर का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, ठंड का कहर अभी जारी रहेगा।

दो दशक में शुक्रवार को सबसे सर्द 26 जनवरी होगी। न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। फरवरी के पहले सप्ताह तक ठंड असर दिखाएगी।

Related Articles

Back to top button