जिले के 653 स्थानों में हुआ होलिका दहन, निकली होरियारो की टोली

हमीरपुर : होरियारों की टोली ने ढोल, मंजीरे और नंगाड़े पर थाप दी, तो शहर और गांव की गलियां भी जोगीरा की धुन से गूंज उठीं। शुभ मुहूर्त में विधि विधान से होलिका दहन हुआ और उत्साही युवाओं ने खूब अबीर और गुलाल उड़ाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी। वहीं सभी होलिका स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम रहे।
सुबह से ही होरियार घरों से निकलकर गलियों में घूमने लगे थे। सड़क और चौराहे तिहारों पर होलिका जलाने के लिए लकड़ियों का अंबार लगाने का काम शुरू हो गया था। चमकीली पन्नियों और अबीर गुलाल से रंगोली बनाकर होलिका जलाने वाले स्थानों को सजाया गया। दोपहर बाद जैसे जैसे सूरज ढलता गया वैसे वैसे फागुन का मिजाज भी नजर आने लगा। एक दूसरे को होली की शुभकामनाए देने का अंदाज भी रंगीला होता गया। और होरियारों की टोली होलिका के पास जुटने लगी। मुहूर्त के अनुसार विधि विधान से होलिका दहन किया गया। इसके साथ ही सुख समृद्धि के साथ होलिका के फेरे भी लगाए गए। शहर के गौरा देवी, रहुनियां धर्मशाला, श्री विद्या मंदिर, सुभाष बाजार, रमेड़ी, फूलारानी, मेरापुर, भिलांवा, यमुना घाट, पुराना बेतवा घाट समेत ग्रामीण क्षेत्रों समेत कुल 653 स्थानों में होलिका दहन हुआ। होलिका जलते ही अबीर गुलाल से लोग सराबोर नजर आए और होरियारों की टोली शहर की गलियों में घूमना शुरू हो गई।

Related Articles

Back to top button