एनडीए के बाद आज महागठबंधन की बारी, राजद की ओर से दिल्ली में प्रस्तावित बैठक, कांग्रेस इतने सीटों पर लड़ सकती है चुनाव…

पटना। महागठबंधन में सीट बंटवारे का मामला अब तक फंसा हुआ है। बुधवार को कांग्रेस समेत गठबंधन के नेताओं की दिल्ली में बैठक प्रस्तावित है। संभावना जताई गई है कि बुधवार की शाम तक सीटों की घोषणा हो जाएगी।

राजद की ओर से दिल्ली में प्रस्तावित बैठक में दोनों राज्यसभा सदस्य मनोज झा और संजय यादव भाग लेंगे।

महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर विलंब होने की वजह कुछ नेताओं के नामों को लेकर अनिर्णय की स्थिति बताई जा रही है।

मुकेश सहनी के अलावा राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पशुपति पारस (Pashupati Paras) और जदयू (JDU) छोडने वाले अली अशरफ फातमी से बातचीत होने और वाम दलों को विश्वास में लेने के बाद ही राजद सीटों पर अंतिम सहमति बनाना चाहता है।

महागठबंधन के घटक दलों के नेता बैठेंगे
हालांकि, कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि उनकी ओर से सीटों को लेकर कोई संशय नहीं है। पार्टी नौ से दस सीटों पर चुनाव लडने को तैयार है और लोकसभा क्षेत्र के साथ उन पर लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं।

बुधवार को दिल्ली में महागठबंधन के घटक दलों के नेता बैठेंगे, इसके बाद भी यदि सहमति नहीं बनती है तो पहले दो चरणों के लिए सीट बांट कर उनकी घोषणा की जा सकती है।

कुछ अफवाहों की मानें तो राजद को 26, कांग्रेस को आठ, माले को तीन, रालोजपा को दो और मुकेश सहनी को एक सीट मिल सकती है। हालांकि, आधिकारिक तौर फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता है।

Related Articles

Back to top button