बारिश और तेज हवाओं से फसलों को हुआ नुकसान, किसानों ने बीमा कंपनी से लगाई गुहार

इटावा। जिले में बीते तीन दिनों तक हुई बारिश और तेज हवाओं से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। एक ओर जहां नुकसान से किसान चिंतित हैं वहीं, दूसरी ओर कृषि विभाग ने भी नुकसान का सर्वे कराया है।
सर्वे में 17, 813 हेक्टेयर फसलों में 12 से 15 फीसदी फसलों की पैदावार प्रभावित हुई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में सबसे ज्यादा नुकसान ताखा और चकरनगर ब्लॉक क्षेत्र में हुआ है।

एक से तीन मार्च तक जिले में तेज हवा के साथ बेमौसम बरसात से रबी की फसलों में काफी नुकसान हुआ है। इनमें गेहूं, जौं, सरसों, आलू और चना शामिल है। तेज हवा के साथ बारिश होने से गेहूं और जौ की फसलें गिर गई हैं, जबकि सरसों व आलू की कटी व खुदी हुई फसलें पानी भरने से प्रभावित हुई है। तीन दिनों की बारिश में 17 हजार हेक्टेयर फसल प्रभावित है। विभाग ने गेहूं, सरसों, आलू, जौं और चना की फसलों की 12 से 15 प्रतिशत तक पैदावार में कमी होने का अनुमान लगाया है।

292 किसानों ने बीमा कंपनी से लगाई गुहार
नुकसान के बाद अब तक 292 किसानों ने बीमा कंपनी के पास ऑनलाइन या टोल फ्री नंबर पर 292 किसानों ने फसल में नुकसान होने की शिकायत दर्ज कराई है। इनमें से बीमा कंपनी ने 183 किसानों की फसलों का सर्वे करा लिया गया है। बचे किसानों की फसलों की नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।

दो दिन तक होने वाली बारिश से किसानों को नुकसान हुआ है। उसका विभाग की ओर से सर्वे कर लिया गया है। लगभग 12 से 15 प्रतिशत के नुकसान की बात आई है। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। – कुलदीप राणा, जिला कृषि अधिकारी

Related Articles

Back to top button