भारत से हज पर जाने वाली अकेली महिलाओं की यह अब तक की सर्वाधिक संख्या

नई दिल्ली। भारत से इस साल 5,162 महिलाएं महरम के बिना हज के लिए जाएंगी और इनमें सबसे अधिक 3584 महिलाएं केरल से हैं। भारत से महरम के बिना हज पर जाने वाली महिलाओं की यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है। भारतीय हज समिति ने हज-2024 के लिए सोमवार को कम्प्यूटरीकृत लाटरी के जरिये हज यात्रियों का चयन किया।

इतने लोगों के मिले आवेदन
हज समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि हज-2024 मे 70 वर्षीय और उससे अधिक आयु के 6370 और बिना महरम वाली 5162 महिलाए के आवेदन प्राप्त हुए। ये संख्या पिछले वर्षों की तुलना में बहुत अधिक है। इन दोनों श्रेणियों में सभी आवेदकों का चयन बिना लाटरी किया गया।

इन राज्यों से मिले इतने आवेदन
हज समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लियाकत अली अफाकी ने बताया कि बिना महरम वाली महिलाओं के सर्वाधिक 3584 आवेदन केरल से प्राप्त हुए, जबकि तमिलनाडु से 378, कर्नाटक से 249, महाराष्ट्र से 166, उत्तर प्रदेश से 141, तेलंगाना से 130, जम्मू-कश्मीर से 82, मध्य प्रदेश से 72, गुजरात से 64 और दिल्ली से 50 आवेदन मिले थे।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश से 44, बंगाल से 40, राजस्थान से 33, बिहार से 30, असम से 29, पुडुचेरी से 19, छत्तीसगढ़ से 14, उत्तराखंड से 10, झारखंड से नौ, गोवा और ओडिशा से पांच-पांच, लद्दाख से तीन, लक्षद्वीप से दो, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब से एक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

हज समिति का निर्धारित है 1,40,020 का कोटा
अफाकी ने कहा कि 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सर्वाधिक 1306 आवेदन महाराष्ट्र से प्राप्त हुए हैं, जबकि केरल से 1250, उत्तर प्रदेश से 586, जम्मू-कश्मीर से 530, कर्नाटक से 514, तेलंगाना से 376, गुजरात से 292, हरियाणा से 274, तमिलनाडु से 214, मध्य प्रदेश से 204, राजस्थान से 190, बिहार से 136, असम से 104, दिल्ली से 80, बंगाल से 84, झारखंड से 56, उत्तराखंड से 44, आंध्र प्रदेश से 42, छत्तीसगढ़ से 34, मणिपुर से 32, उड़ीसा से 12, लद्दाख से चार, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और अंडोमान एंड निकोबार से दो-दो आवेदन प्राप्त हुए हैं। गौरतलब है कि हज समिति का 1,40,020 का कोटा निर्धारित है, जबकि 1,74,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

Related Articles

Back to top button